केसरपुरा की टीम ने खिताब अपने नाम किया:पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने विजेताओं को किया सम्मानित, 16 टीमों ने लिया था भाग

शिवगंज तहसील के ध्रुबाना गांव में मामधनी युवा क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हुआ। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा मुख्य अतिथि थे, जिन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों से कुल 16 टीमों ने भाग लिया था। फाइनल मुकाबला केसरपुरा और ध्रुबाना की टीमों के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में केसरपुरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। ध्रुबाना की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खेलों से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के विकास पर जोर दिया। लोढ़ा ने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं और युवाओं को नशे व कुरीतियों से दूर रखने में सहायक होती हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया, ताकि ग्रामीण खेल प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में अर्जुन नाथ कालबेलिया, सवाराम राणा, सुल्तान सिंह, तोलाराम राणा, महेंद्र कुमार राणा, शंकरलाल मीणा, अशोक राणा, चुन्नीलाल मीणा सहित स्थानीय युवाओं और ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *