मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ में सोमवार को एक युवक पर जानलेवा हमले की वारदात सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक आरोपी ने युवक पर हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित जयशंकर द्विवेदी ने बताया कि वह गांव की एक दुकान पर बैठे थे, तभी गांव का ही एक युवक नशे की हालत में वहां पहुंचा और बिना किसी वजह के गाली-गलौज करने लगा। जब जयशंकर ने इसका विरोध किया, तो आरोपी भड़क गया और उसने पास रखे हथौड़े व लोहे की रॉड से जयशंकर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। नकद और मोबाइल लूटने का आरोप हमले के कारण जयशंकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें बेहोश देख आरोपी ने उनकी जेब से 10 हजार रुपए नकद और उनका मोबाइल फोन निकाल लिया और वहां से फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजन ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रीवा रेफर कर दिया गया। पुलिस की जांच जारी शाहपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मारपीट और लूट के आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।


