रायसेन की रामलीला में रावण पुत्र अतिकाय का वध:लक्ष्मण ने किया संहार, लोगों की तालियों से गूंज उठा मेला ग्राउंड

रायसेन शहर में चल रहे श्रीराम लीला महोत्सव में सोमवार शाम अतिकाय वध की लीला का मंचन किया गया। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत इस प्रसंग में रावण पुत्र अतिकाय और लक्ष्मण के बीच भीषण युद्ध दिखाया गया, जिसे देखने बड़ी संख्या में दर्शक मेला ग्राउंड पहुंचे। अतिकाय और लक्ष्मण के बीच भीषण युद्ध लीला की शुरुआत अतिकाय और लक्ष्मण के बीच युद्ध से हुई। मंचन के दौरान अतिकाय ने अपनी राक्षसी सेना के साथ राम और लक्ष्मण को युद्ध के लिए ललकारा, जिससे पूरा माहौल युद्धमय हो गया। लीला में दिखाया गया कि अंततः युद्ध भूमि में अतिकाय श्रीराम और लक्ष्मण के पराक्रम से मारा जाता है। जैसे ही अतिकाय का वध हुआ, दर्शकों की तालियों से पूरा मेला ग्राउंड गूंज उठा। नागपाश प्रसंग का प्रभावशाली मंचन अतिकाय वध से पहले इंद्रजीत द्वारा राम और लक्ष्मण को नागपाश में बांधने का दृश्य भी मंचित किया गया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। लीला के दौरान गरुड़ जी के आगमन का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। गरुड़ जी ने अपनी नुकीली चोंच से नागपाश काटकर श्रीराम, लक्ष्मण और पूरी वानर सेना को मुक्त कराया। तालियों से गूंजा मेला परिसर लीला के हर प्रसंग पर दर्शकों ने तालियों और जयकारों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। अतिकाय वध के दृश्य ने लोगों को रोमांचित कर दिया। रायसेन की रामलीला अपनी ऐतिहासिकता के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में प्रसिद्ध है। यहां रामलीला का मंचन मंच के साथ-साथ खुले मैदान में भी किया जाता है। दूर-दराज से पहुंचते हैं दर्शक इस अनोखे मंचन को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मेला स्थल पर पहुंचते हैं। रामलीला मेला आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी ने बताया कि शुक्रवार, 9 जनवरी को शाम 6 बजे रावण वध की लीला का मंचन किया जाएगा। मेले में दिखी चहल-पहल रामलीला के साथ-साथ मेला परिसर में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों और युवाओं ने झूले, आइसक्रीम, चाट और गुल्फी का जमकर आनंद लिया। मेले में लगी विभिन्न दुकानों पर खरीददारों की भीड़ देखी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *