सरगुजा में रविवार को हुए तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। नेशनल हाईवे 43 में चारपहिया वाहनों ने दो अलग-अलग घटनाओं में बाइक सवारों को टक्कर मार दी। एक हादसे में एक बाइक चालक और दूसरे हादसे में महिला की मौत हो गई जबकि महिला का पति घायल है। लखनपुर क्षेत्र में राहगीर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर नमनाकला निवासी चंद्र पाल दास (65 वर्ष) रविवार को सीतापुर से वापस अंबिकापुर लौट रहे थे। मंगारी चौक के पास उनकी बाइक को महिंद्रा की मालवाहक वाहन ने टक्कर मार दी। चंद्रपाल दास सड़क किनारे चल रहे थे। सामने से आ रहे मालवाहक वाहन के ड्राइवर ने रॉन्ग साइड से आकर उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रपाल दास गिरकर घायल हो गए। अंबिकापुर में हो गई मौत
स्थानीय लोगों ने चंद्रपाल दास को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर में दाखिल कराया, जहां से उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। अंबिकापुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार को शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। चंद्रपाल दास के भाई का परिवार सीतापुर में निवासरत है, जिनसे मिलने के लिए वे सीतापुर गए थे। चारपहिया वाहन की टक्कर से पत्नी की मौत, पति गंभीर
एक अन्य घटना में बीती शाम नेशनल हाईवे 43 में लालमाटी के पास बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम टिरंग से अंबिकापुर आ रहे दंपती की बाइक को अज्ञात चारपहिया वाहन ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार इंद्रजीत पैकरा (22 वर्ष) और उसकी पत्नी पुष्पा पैकरा (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चारपहिया वाहन का ड्राइवर गाड़ी लेकर भाग निकला। घायल अवस्था में पति-पत्नी को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में दाखिल किया गया। इलाज के दौरान पुष्पा पैकरा की मौत हो गई। वहीं इंद्रजीत पैकरा का इलाज किया जा रहा है। इंद्रजीत ने बताया कि वे बाइक से ससुराल अंबिकापुर के बलसेढ़ी गांव जा रहा था। अज्ञात वाहन की टक्कर से राहगीर की मौत
एक अन्य घटना में लखनपुर थाना क्षेत्र के लहपटरा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से राहगीर की मौत हो गई। ग्राम परसोढ़ी निवासी आदिबल राम राजवाड़े (50 वर्ष) शनिवार को छेरता मनाने के लिए ग्राम मुकुंदपुर गया था। रविवार को वह पैदल लौट रहा था। नेशनल हाईवे में उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। तीनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज किया है और जांच की जा रही है।


