मंदसौर नगर पालिका में उपयंत्री से मारपीट:पार्षद पति ने फाइल के लिए दबाव बनाया, दफ्तर में पीटा; जान से मारने की धमकी दी

मंदसौर नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 35 की पार्षद के पति पर ड्यूटी पर तैनात उपयंत्री के साथ मारपीट, गाली-गलौच और धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। यह पूरा मामला नगर पालिका कार्यालय परिसर के भीतर हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद मंदसौर में पदस्थ उपयंत्री रोहित कैथवास अपने कार्यालय में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 35 की पार्षद प्रतिभा भेरवे के पति विक्रम भेरवे नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अध्यक्ष कार्यालय में उपयंत्री रोहित कैथवास को बुलाकर दीपक तंवर नाम के व्यक्ति से जुड़ी एक फाइल के संबंध में जानकारी मांगी। फाइल नहीं बुलवाई तो थप्पड़ मारे
उपयंत्री रोहित कैथवास ने बताया कि संबंधित फाइल शासकीय वकील की राय के लिए भेजी जा चुकी है और टीप प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस पर विक्रम भेरवे ने दबाव बनाते हुए तत्काल वकील से लिखवाकर फाइल लाने की मांग की। जब उपयंत्री ने वैधानिक प्रक्रिया का हवाला दिया तो वह नाराज हो गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विक्रम भेरवे ने नगर पालिका कार्यालय परिसर में ही उपयंत्री रोहित कैथवास के गाल पर कई थप्पड़ मारे। घटना के दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारी श्यामलाल धनोतिया, अजय मरोठिया सहित अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया। जाते समय आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। हत्याकांड का आरोपी है दीपक तंवर
घटना की सूचना उपयंत्री रोहित कैथवास ने कार्यपालन यंत्री प्यार सिंह धारवे और वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद वे शहर कोतवाली थाना पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 221, 121(1), 296(बी) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि जिस दीपक तंवर की फाइल को लेकर यह विवाद हुआ, वह वर्ष 2019 में हुए हत्याकांड का आरोपी है। वहीं, इस मामले में विक्रम भेरवे से संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *