भास्कर न्यूज | गिरिडीह बोकारो जिले के चास कॉलेज चास में जेएससीए अंतर जिला अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को गिरिडीह और बोकारो की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। टॉस जीतकर बोकारो ने पहले फिल्डिंग का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गिरिडीह टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 217 रन बनाए। इस पारी की सबसे बड़ी खासियत श्लोक कुमार का शतकीय प्रदर्शन रहा, जिन्होंने 123 गेंदों में 127 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा अनिरुद्ध ने 26 और मो. शोएब ने 19 रन बनाए। बोकारो की ओर से रोहित कुमार शर्मा और आर्यन पांडेय ने 2-2 विकेट लिए। 218 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बोकारो की टीम 150 रन पर ऑलआउट हो गई। तन्मय कुमार ने 55 रन का योगदान दिया, जबकि अर्जुन और सोनू ने 22-22 रन बनाए। गिरिडीह की ओर से रंजन कुमार ने 4 विकेट लिए, वहीं सौरभ शर्मा और फुरकान अंसारी ने 2-2 विकेट झटके। गिरिडीह की जीत में श्लोक कुमार का योगदान निर्णायक साबित हुआ और उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।


