भास्कर न्यूज | गिरिडीह शहर के टैक्सी स्टैंड परिसर में सोमवार को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती रहमतुल्ला अलैह के नाम पर डेग फातिहा और मिलादुन्नबी का आयोजन श्रद्धा और भाईचारे के साथ किया गया। जिसमे हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन के दौरान सभी समुदायों के लोगों को लंगर कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान जिले सहित पूरे देश में शांति, अमन और तरक्की के लिए विशेष दुआएं की गईं। वक्ताओं ने ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के जीवन और उनके संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे का पैगाम दिया। उनका संदेश था कि सभी लोग जाति, धर्म और मजहब से ऊपर उठकर मिल-जुलकर रहें और समाज में एकता बनाए रखें।आयोजकों ने कहा कि ख्वाजा साहब की शिक्षाएं आज के समय में और भी प्रासंगिक हैं, जब समाज को आपसी सौहार्द और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की सबसे अधिक आवश्यकता है। इसी भावना के साथ यह आयोजन किया गया, ताकि सभी समुदायों के बीच आपसी प्रेम और सहयोग को मजबूत किया जा सके।कार्यक्रम में झामुमो नेता इरशाद अहमद वारिश सहित नौशाद अहमद चांद, कैश रज़ा, तन्नू उस्ताद, काजू खान, मिनहाज अंसारी, मन्नू अंसारी, जुनैद अंसारी, मुख्तार अंसारी, शालिम अंसारी, राजू अंसारी, कलीम अंसारी, तंबीर अंसारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में देश की एकता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।


