लुधियाना | हैबोवाल कलां स्थित जोशी नगर के सिद्धपीठ महाबली संकटमोचन श्री हनुमान मंदिर में आज शाम सवा 6 बजे से नववर्ष के पहले मंगलवार पर संध्या चौकी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के 51 भजन गायक और गायिकाएं अपने भजनों से श्री बालाजी महाराज के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। मंदिर के प्रेरणा स्रोत रहे दिवंगत प्रधान स्व. अशोक जैन की स्मृति को समर्पित इस आयोजन को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है। मंदिर कमेटी के प्रधान अमन जैन, चेयरमैन ऋषि जैन, उप-प्रधान अनुज मदान व सचिव सौरव जैन ने बताया कि भक्ति रस की यह धारा शाम से शुरू होकर निरंतर चलेगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करें।


