भास्कर न्यूज | लुधियाना अग्र नगर स्थित श्री शिव मंदिर के परिसर में श्रद्धा और उल्लास के साथ जय श्री राम के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। नए वर्ष के मांगलिक उपलक्ष्य में श्री शिव मंदिर कमेटी की तरफ से आयोजित छठा संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारा न केवल धार्मिक अनुष्ठान बल्कि अटूट आस्था का केंद्र बन गया। जहां श्री हनुमंत सेवा संगीत परिवार की सुमधुर लहरियों ने जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। इस समागम में विशेष रूप से पहुंचे कांग्रेसी नेता पवन दीवान और इन्द्रजीत टोनी कपूर ने प्रभु के चरणों में शीश नवाया और आयोजन की भव्यता की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान प्रधान सुरेश जिंदल, संदीप गोयल, दीपक जैन, राम कुमार गुप्ता, राजेश गुप्ता, अरुण गोयल, इंदु गुप्ता, विपिन सिंघानिया, रजनीश जैन बाटा, मोनिका गोयल, कृष्ण कुमार, विमल जैन, गुरचरण सिंह, अमिता दहिया, सुमीत बांसल, नवीन गुप्ता, अशोक धवन और सोनल ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मंदिर कमेटी के चेयरमैन जगदीप सिंगल, सेवादार अशोक कपूर, फाइनेंस सेक्रेटरी सीए राजीव सिंगला और सेक्रेटरी सुभाष बांसल के नेतृत्व में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहीं। संध्याकाल में पाठ की पूर्णाहुति के बाद टैगोर पब्लिक स्कूल में आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।


