रांची में सोमवार को दिनभर लोगों को कड़ी ठंड का सामना करना पड़ा। धूप के बावजूद कनकनी परेशान करती रही। शाम ढलते ही शीतलहर का असर और तेज हो गया। रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रहा, जबकि आसपास के इलाकों में ठंड और ज्यादा रही। मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री और कांके में 5.2 डिग्री रहा। शीतलहर को देखते हुए राज्य के स्कूली शिक्षा विभाग ने नर्सरी से 12वीं तक की सभी कक्षाएं 8 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। यह आदेश सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त और अल्पसंख्यक सभी श्रेणी के स्कूलों पर लागू होगा। मौसम विभाग ने 7 जनवरी तक आठ जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा और गुमला शामिल हैं। सबसे ठंडा जिला रहा लोहरदगा, तापमान 3.4 डिग्री मौसम विभाग के अनुसार, लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री के साथ राज्य में सबसे कम रहा। वहीं, गुमला में अधिकतम तापमान 4.9 डिग्री गिरकर 14.9 डिग्री पहुंच गया, जबकि पाकुड़ में 4.4 डिग्री और रांची में 3.4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। ठंड और कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी बुरी तरह प्रभावित हुई। रांची और डालटनगंज में दृश्यता घटकर 300 मीटर तक पहुंच गई, जिससे सुबह और देर शाम वाहन चालकों को परेशानी हुई। देवघर में 650 मीटर और जमशेदपुर में 700 मीटर विजिबिलिटी रिकॉर्ड की गई। एक फ्लाइट रद्द, 12 से ज्यादा विमान घंटों लेट मौसम खराब रहने और विजिबिलिटी कमजोर होने के कारण सोमवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की कई उड़ानें प्रभावित रहीं। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। इसके अलावा 12 से अधिक विमानों ने तय समय से 1 से 4 घंटे की देरी से उड़ान भरी। उड़ानें रद्द होने और लगातार देरी के चलते एयरपोर्ट पर दिनभर अफरा-तफरी का माहौल रहा और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सात जनवरी तक शीतलहर और ठंड, तापमान में होगी गिरावट मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड और रांची में तापमान गिरने का मुख्य कारण उत्तर-पश्चिमी दिशा से आने वाली बर्फीली हवाएं हैं। हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बाद ये ठंडी हवाएं निचले क्षोभमंडलीय स्तरों तक पहुंच रही हैं। इसके चलते 7 जनवरी तक कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर बना रहेगा, और तापमान में गिरावट जारी रह सकती है।


