अमेरिकी सेना द्वारा सप्ताहांत वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार करने के बाद भोगौलिक तनाव बढ़ने की आशंका से ग्लोबल मार्केट में सोना-चांदी की कीमतों में उछाल देखा गया। इससे सोमवार को जयपुर सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड 2,000 तथा 22 कैरेट सोना 1,800 रुपए प्रति दस ग्राम चढ़ गया। चांदी में 4,200 रुपए प्रति किलोग्राम का उछाल रहा। दूसरी तरफ, अमेरिकी वायदा एक्सचेंज कॉमेक्स में फरवरी डिलीवरी सोना 131.90 डॉलर बढ़कर 4,461.50 डॉलर तथा मार्च डिलीवरी चांदी 5.595 डॉलर की तेजी से 76.610 डॉलर प्रति आउंस पर ट्रेड कर रही थी। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि चांदी की कीमत में 5 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी अनपेक्षित है। यह मौद्रिक अनिश्चितता और आपूर्ति संबंधी चिंताओं का नतीजा है। यदि यूएस‑वीनेजुएला तनाव बढ़ता रहता है, तो चांदी की कीमतों में और अस्थिरता देखने को मिल सकती है। बाजार अभी ‘रिस्क‑ऑफ’ मोड में है। सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी, जयपुर के भाव : चांदी (999) 243 चांदी रिफाइनरी 242.5 रुपए प्रति ग्राम। सोना स्टैंडर्ड 13,950 रुपए, सोना जेवराती 13,040 तथा वापसी 12,740 रुपए प्रति ग्राम।


