लुधियाना में सेक्स रैकेट के अड्‌डे की लोकेशन फर्जी निकली:इंस्टा पर डाला था VIDEO; पुलिस को हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग, साइबर ठगी समेत 5 शक

पंजाब के लुधियाना में इंस्टाग्राम पर जिस दुगरी चौक के पास देह व्यापार (सैक्स रैकेट) का अड्‌डा बताया गया था, वह फेक निकला। दैनिक भास्कर एप की टीम ने वहां पड़ताल की लेकिन जिस तरह का सीन इंस्टाग्राम पर दिखाया गया, ऐसी जगह वहां नहीं मिली। इतना जरूर है कि लोकेशन में जो रोड दिखाई गई है, वह लुधियाना के पक्खोवाल रोड की तरह है लेकिन हीरो बेकरी चौक से ओमेक्स रेजिडेंसी तक इस तरह की जगह नहीं मिली। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि सेक्स रैकेट के नाम पर फेक जगह दिखाई जा रही है। यह भी सामने आया कि जिस इंस्टा ID सिमरन लुबानी पर ये सारी चीजें बताई गईं, वहां कमेंट करने वाले यूजर भी फेक ID वाले हैं क्योंकि ज्यादातर कमेंट करने वालों ने न तो कोई पोस्ट डाली है और न ही उनके फॉलोअर हैं। ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिर सेक्स रैकेट के बहाने इसके पीछे कौन सी साजिश रची जा रही है। पुलिस भी मान रही है कि यह साइबर ठगी से लेकर हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का खेल हो सकता है। देह व्यापार के अड्‌डे का मामला क्या है
इंस्टाग्राम पर सिमरन लुबानी 99 के नाम से एक पेज बनाया गया है। इसे 27 हजार लोग फॉलो करते हैं। इस पर 50 पोस्ट डाली गई हैं। ये सभी पोस्टें लड़कियों की अश्लील तस्वीरों से भरी पड़ी हैं। इसमें दावा किया गया है कि लुधियाना की 10 हजार लड़कियां सिमरन लुबानी से जुड़ी हुई हैं, जो देह व्यापार करती हैं। इसके लिए बेडरूम का वीडियो दिखाकर दावा किया गया कि इसका अड्‌डा दुगरी चौक पर है। लड़कियों की फोटो पर अश्लील बातें लिखी हुई हैं। जानिए, इस पेज के पीछे क्या साजिश संभव… 1. लोगों को देह व्यापार में फंसाना
इंस्टाग्राम पेज पर जिस तरह महिलाओं की वीडियो, अड्‌डे पर बैडरूम व लोकेशन डाली गई हैं उससे लगता है कि यह देह व्यापार के लिए ग्राहकों को अट्रैक्ट करने के लिए बनाई गई है। महिलाओं व लड़कियों के अश्लील वीडियो पर बाकायदा रेट भी लिखे गए हैं। चूंकि लुधियाना इंडस्ट्री का हब है, इसलिए इस गैंग ने लुधियाना के लोगों को फंसाने के लिए यह चाल चली है। 2. हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश
सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो पोस्ट करके लोगों को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश हो सकती है। इस तरह के वीडियो पोस्ट करके लोगों को अपने पास बुलाया जा सकता है। फिर उनकी वीडियो वगैरह बनाकर या फिर संबंध बनाने के बाद रेप का केस दर्ज कराने की धमकी देकर रुपए वसूले जा सकते हैं। 3. अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग का खेल
इसके पीछे ब्लैकमेलिंग का खेल भी हो सकता है। इस इंस्टाग्राम पर कॉन्टैक्ट करने पर टेलीग्राम चैनल का लिंक दिया जाता है। जिसमें कई लिंक डाले गए हैं। इन पर क्लिक करने के बाद वॉट्सऐप या मैसेंजर के जरिए सीधे वीडियो कॉल हो सकती है। जिसके बाद यह गैंग दूसरी तरफ से अश्लील वीडियो चलाकर उसे रिकॉर्ड करेगा। फिर उसे वायरल करने या रिश्तेदारों को भेजने की धमकी देकर रुपए वसूले जा सकते हैं। 4. साइबर ठगी का भी खतरा
इसके पीछे साइबर ठगी का भी खतरा हो सकता है। लड़कियों की फोटो दिखाकर युवाओं के कॉन्टैक्ट डिटेल्स लेकर एक तो उन्हें डरा-धमकाकर रुपए वसूल किए जा सकते हैं। दूसरा, लड़की से संपर्क कराने के नाम पर ऐसे लोगों की पर्सनल डिटेल लेकर उनके साथ साइबर ठगी की जा सकती है। 5. मोबाइल हैक होने की भी संभावना
इंस्टाग्राम पेज के साथ टेलीग्राम चैनल का लिंक दिया गया है। टेलीग्राम चैनल को खोलने के बाद उसमें बहुत से लिंक दिए हैं। साइबर सेल के अफसरों का कहना है कि संदिग्ध लिंक को क्लिक करके आपका फोन हैक करके सारा डेटा चोरी किया जा सकता है। यही नहीं फोन का एक्सेस अपने फोन पर लेकर पर्सनल फोटो-वीडियो के साथ बैंक अकाउंट की डिटेल भी ली जा सकती है। ​​​​​​लोगों को जाल में फंसाकर हो सकती है ठगी
इस बारे में लुधियाना पुलिस के साइबर सेल के ACP मुराद जसबीर सिंह गिल ने कहा कि सोशल प्लेटफार्म पर इस तरह के पेज बनाकर लोगों को अट्रैक्ट करने की कोशिश की जाती है। कुछ लोग ऐसे ठगों के जाल में फंस जाते हैं और ठगी के शिकार हो जाते हैं। लोगों को चाहिए इस तरह के पेजों को रिपोर्ट करें और इसकी शिकायत साइबर सेल को दें। ******************
ये खबर भी पढ़ें… लुधियाना में इंस्टाग्राम पर सेक्स रैकेट:लिखा- 10 हजार लड़कियां जुड़ीं, बेडरूम का वीडियो-अश्लील फोटो पोस्ट कीं, रेट ₹2 से ₹5 हजार बताया पंजाब में अब देह व्यापार भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए होने लगा है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर पेज क्रिएट करके उसे महिलाओं और लड़कियों की अश्लील रील पोस्ट करके ग्राहकों को इनवाइट किया जा रहा है (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *