राजसमंद में तेज सर्दी, स्कूलों में तीन दिन का अवकाश:शीतलहर को देखते हुए कलेक्टर का आदेश, कक्षा 1 से 8 तक स्टूडेंट्स को राहत

राजसमंद जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते असर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 6 जनवरी से 8 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठंड मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में ठंड का असर और तेज होने की संभावना है। ऐसे में सुबह के समय स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को सर्दी से होने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन यह निर्णय लिया है। आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत जारी हुआ आदेश कलेक्टर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अध्याय-4 की धारा 30 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जिले में संचालित सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है। शिक्षक और स्टाफ को रहना होगा उपस्थित आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए लागू रहेगा। वहीं, उच्च कक्षाओं के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी पूर्ववत रूप से अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहेंगे। आदेश की अवहेलना पर होगी सख्त कार्रवाई जिला प्रशासन ने सभी स्कूल संस्थाप्रधानों को आदेश की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए हैं। यदि कोई भी राजकीय या गैर-राजकीय स्कूल इस अवधि में कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाओं का संचालन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *