चौथ का बरवाड़ा में आयोजित हो रहे चौथ माता लक्खी मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। चतुर्थी के अवसर पर मंगलवार को मुख्य मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कोटा–सवाई माधोपुर के बीच विशेष मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। दो दिन, दो फेरे चलेंगी मेला स्पेशल ट्रेन रेलवे के अनुसार यह विशेष रेल सेवा मंगलवार और बुधवार (6 व 7 जनवरी) को संचालित की जाएगी। इन दो दिनों में ट्रेन कुल दो फेरे लगाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके। यह रहेगा मेला स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल मेला स्पेशल रेलगाड़ी कोटा से सुबह 10.35 बजे प्रस्थान करेगी और रास्ते में विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए दोपहर 1.25 बजे सवाई माधोपुर पहुंचेगी।वापसी में ट्रेन सवाई माधोपुर से दोपहर 3.05 बजे रवाना होगी और शाम 5.50 बजे कोटा पहुंचेगी। 8 कोच के साथ संचालित होगी ट्रेन रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने बताया कि इस विशेष रेलगाड़ी में कुल 8 डिब्बे लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को आसानी से संभाला जा सके। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले गाड़ी के समय, ठहराव और संचालन तिथि की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


