धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के रानी रोड पर भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार पल्सर बाइक और XUV कार की आमने-सामने टक्कर में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घायल युवक की पहचान जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा बाबूबासा निवासी धीरज कुमार (करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह लोन रिकवरी एजेंट के तौर पर कार्यरत हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें गंभीर हालत में धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। शिक्षिका को छोड़कर लौट रही थी कार घटना के संबंध में आमटाल के मुखिया संजय कुमार ने बताया कि XUV कार चालक आमटाल स्थित एक विद्यालय की शिक्षिका को छोड़कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रानी रोड के पास सामने से आ रही पल्सर बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर अचानक दोनों वाहन आमने-सामने आ गए, जिससे चालक संभल नहीं पाए और हादसा हो गया। हादसा ऐसा था कि टक्कर के बाद XUV कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पल्सर बाइक पूरी तरह टूट गई। बाइक चालक सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त किए बलियापुर थाना के एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि रानी रोड पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में XUV कार और पल्सर बाइक की आमने-सामने टक्कर की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने ले लिया है।


