भाजपा महासचिव जगमोहन राजू का मुख्यमंत्री भगवंत मान पर हमला:पंजाब में गैंगस्टर राज का आरोप, नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग

भारतीय जनता पार्टी पंजाब के महासचिव डॉ. जगमोहन सिंह राजू (रिटायर्ड IAS) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक खुला पत्र लिखकर राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में उन्होंने पंजाब में गैंगस्टर राज होने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है। डॉ. राजू ने पत्र में लिखा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यकाल में पंजाब की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ढह चुकी है और राज्य के करीब तीन करोड़ लोग असुरक्षा और भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने दावा किया कि जहां उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों ने गैंगस्टर वाद पर काबू पा लिया है, वहीं पंजाब अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों का नया अड्डा बनता जा रहा है। गैंगस्टर बेखौफ, हत्या और वसूली रोजमर्रा की बात पत्र में आरोप लगाया गया है कि राज्य में गैंगस्टर बेखौफ हैं और आम नागरिक डरा हुआ है। भाजपा नेता का कहना है कि हत्या, जबरन वसूली, लूट और डकैती की घटनाएं रोजमर्रा की बात बन चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि न केवल आम लोग, बल्कि NRI, व्यापारी, उद्योगपति, कलाकार, खिलाड़ी और नेता भी सुरक्षित नहीं हैं। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि जबरन वसूली न देने पर लोगों को गोली मारी जा रही है। पुलिस पर राजनीतिक दबाव, जनता नहीं नेताओं की सुरक्षा का आरोप डॉ. जगमोहन राजू ने मुख्यमंत्री पर पुलिस को राजनीतिक दबाव में रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का इस्तेमाल जनता की सुरक्षा के बजाय नेताओं की सुरक्षा में किया जा रहा है, जिससे पुलिस का मनोबल टूट चुका है। पत्र में उच्चस्तरीय भ्रष्टाचार और राजनीतिक संरक्षण के चलते गैंगस्टरों के मजबूत होने की बात भी कही गई है। खुले पत्र में भाजपा नेता ने कई सुझाव भी दिए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री द्वारा गृह मंत्री पद से इस्तीफा, कानून-व्यवस्था पर विशेष विधानसभा सत्र, VIP ड्यूटी से पुलिस हटाने, राजनीतिक तबादलों पर रोक और पुलिस अधिकारियों की ACR रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग शामिल है। पत्र के अंत में डॉ. राजू ने कहा कि किसी भी सरकार की पहली जिम्मेदारी नागरिकों की जान और आजादी की रक्षा होती है, जिसमें मौजूदा सरकार विफल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित और नैतिक आधार पर पद छोड़ने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *