राजस्थान से ऊंटों की तस्करी:ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरे 17 ऊंट, यूपी-बिहार ले जाने की प्लानिंग, ग्रामीणों ने पकड़ा

बाड़मेर जिले के चौहटन थाना इलाके में सोमवार रात ऊंट तस्करी का मामला सामने आया है। खारिया राठौड़ान गांव के पास पंजाब नंबर ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरे 17 ऊंटों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ऊंटों को तस्करी की योजना के तहत उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर ले जाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। ग्रामीणों को लगी भनक, ट्रक रुकवाया मिली जानकारी के अनुसार, चौहटन थाना क्षेत्र के खारिया राठौड़ान गांव से गुजर रहे एक पंजाब नंबर ट्रक में ऊंटों को संदिग्ध हालात में भरा गया था। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने ट्रक को रुकवाया। इस दौरान ट्रक चालक और ग्रामीणों के बीच बहस भी हुई, लेकिन ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दे दी। ट्रक में अमानवीय तरीके से भरे थे ऊंट ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक में छोटे-बड़े कुल 17 ऊंट ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। ऊंटों के मुंह डोरी से बांधे गए थे, जिससे वे हिल-डुल भी नहीं पा रहे थे। इस हालत को देखकर ग्रामीणों ने तस्करी की आशंका जताई और ट्रक को आगे नहीं जाने दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक किया जब्त सूचना मिलने पर चौहटन थाने के हेड कॉन्स्टेबल विशनाराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और ऊंटों को सुरक्षित स्थान पर रखवाया। ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है। चौहटन डीएसपी जेठाराम ने बताया- ऊंटों से भरे ट्रक को जब्त किया गया है। यह जांच की जा रही है कि ऊंट कहां से लाए गए और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। मामले की जांच चौहटन थानाधिकारी ललित किशोर कर रहे हैं। पुलिस तस्करी समेत अन्य संभावित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *