राजस्थान में पटवारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एकजुट होकर आवाज उठाई है। प्रदेश के सभी जिलों के पटवारियों ने प्रमुख शासन सचिव के नाम 10 सूत्री मांग पत्र जिला कलेक्टर को सौंपा है। पटवार संघ की प्रमुख मांग है कि पटवारी पद को तकनीकी पद घोषित करते हुए ग्रेड पे 3600 (लेवल-10) किया जाए। साथ ही गिरदावरी ऐप में आवश्यक संशोधन की मांग की गई है, जिससे गिरदावरी कार्य पटवारी द्वारा ही किया जा सके। संघ ने सर्वेयर की नियुक्ति का विरोध करते हुए स्पष्ट किया है कि पटवारी द्वारा सर्वेयर की नियुक्ति नहीं की जाएगी। बजट घोषणा 2023-24 में 1035 नए पटवार मंडलों की घोषणा की गई थी, लेकिन अभी तक इनकी वित्तीय स्वीकृति जारी नहीं की गई है। इसी तरह भानोत कमेटी में शेष पटवार मंडल और भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त की वित्तीय स्वीकृति भी लंबित है। पटवारियों ने पदोन्नति से जुड़ी मांगें भी रखी हैं। इनमें पटवारी से भू-अभिलेख निरीक्षक और भू-अभिलेख निरीक्षक से नायब तहसीलदार पद की DPC का आयोजन शामिल है। साथ ही NTSP क्षेत्र की वर्ष 2022-23 की पटवारी से वरिष्ठ पटवारी पद की रिव्यू DPC और डैफर्ड एवं लिफाफा बंद प्रकरणों के निस्तारण की मांग की गई है। 752 नव सृजित भू-अभिलेख निरीक्षक पदों के निर्धारण संबंधी मामला भी पिछले कई वर्षों से लंबित है।


