छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। कुल्हाड़ी घाट स्थित भालू डिग्गी जंगल में सोमवार सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच फायरिंग हो रही है। मुठभेड़ में एक नक्सली के मारे जाने की खबर है। एनकाउंटर में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हुआ है। घायल जवान को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया है। मामला मैनपुर थाना इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ अभी भी जारी है। हालांकि, नक्सली के मारे जाने की खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इलाके में और नक्सली छिपे हो सकते हैं घायल जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हेलीकॉप्टर से राजधानी रायपुर के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर स्थित इस क्षेत्र में सुबह से ही दोनों राज्यों के सुरक्षा बलों का संयुक्त ऑपरेशन जारी है। जवान क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकले थे, तभी नक्सलियों ने उन पर हमला किया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मैनपुर पहुंच गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से भाटीगढ़ स्टेडियम को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में और भी नक्सली छिपे हो सकते हैं। 4 दिन पहले ही 18 नक्सलियों को मार गिराया गया छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर 16 जनवरी को मुठभेड़ हुई थी। इसमें 18 नक्सली मारे गए। इनमें SCM (सेंट्रल कमेटी मेंबर) दामोदर भी मारा गया। दामोदर पर 50 लाख का इनाम घोषित था। फोर्स ने 12 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं, जिसमें 10 की पहचान कर ली गई है। मरने वालों में 5 महिला नक्सली भी शामिल हैं। इन पर कुल 59 लाख रुपए का इनाम था। 6 नक्सलियों के शव को खुद नक्सल संगठन के लोग साथ लेकर चले गए। ——————————- नक्सलियों से संबंधित ये खबर भी पढ़ें… जवानों को मिला नक्सलियों का बंकर…बनते थे बम और गन,VIDEO: जमीन में 10 फीट गहरा, 14 फीट चौड़ा कमरा; एनकाउंटर में बच निकले हिड़मा-देवा बस्तर में 3 जिलों की पुलिस फोर्स ने नक्सली कमांडर हिड़मा के गढ़ में घुसकर हिड़मा और देवा की टीम के 18 लड़ाकों का एनकाउंटर कर दिया है। हालांकि, इस बार भी हिड़मा और देवा पुलिस की गोलियों से बचकर निकल गए। सर्चिंग के दौरान शुक्रवार को जवानों को नक्सलियों का बंकर भी मिला है। जमीन के अंदर ही करीब 10 फीट गहरा और 12 से 14 फीट चौड़ा कमरा बनाया गया था। इसके अंदर हथियार और बम बनाने मशीन, बारूद, तार रखे थे। पढ़ें पूरी खबर…


