साइबर थाना खुला, ऑनलाइन ठगी पर अब सीधी कार्रवाई

भास्कर न्यूज | कवर्धा ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया के जरिए साइबर अपराध बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधों को रोकने कवर्धा में साइबर थाना शुरू किया गया है। ताकि जिले में तेजी से बढ़ रहे डिजिटल अपराधों पर त्वरित, प्रभावी और तकनीकी कार्रवाई हो सके। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को साइबर थाने का उद्घाटन किया। साइबर थाना में एक निरीक्षक को प्रभारी नियुक्त किया गया है। कुल 30 अधिकारी-कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। निगरानी के लिए उप पुलिस अधीक्षक स्तर के राजपत्रित अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह थाना आधुनिक साइबर तकनीक, डिजिटल फॉरेंसिक और ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से अपराधों की जांच करेगा। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि साइबर थाना को पूरी तरह विशेषीकृत साइबर अपराध नियंत्रण इकाई के रूप में विकसित किया गया है। ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके। साइबर थाना की औपचारिक शुरुआत से पहले भी कबीरधाम पुलिस ने सीमित संसाधनों के बावजूद उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अब तक 112 ऑनलाइन ठगी मामलों में लगभग 50 लाख रुपए पीड़ितों को वापस कराए गए। 872 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए गए। यह बताती हैं कि साइबर अपराधों से निपटने में जिले की पुलिस पहले से ही सक्रिय रही है। पुलिस का मानना है कि साइबर थाना केवल अपराधों की जांच तक सीमित नहीं रहेगा। बल्कि लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा। साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए सलाह और मार्गदर्शन देगा। स्कूल, कॉलेज और संस्थानों में साइबर अवेयरनेस अभियान भी चलाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *