पलामू में साढ़े पांच लाख रुपए का अफीम बरामद:दो रिश्तेदार गिरफ्तार, घर से कर रहे थे तस्करी; दो मोबाइल फोन भी जब्त

पलामू पुलिस ने मनातू थाना क्षेत्र में अफीम तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने 1.114 किलोग्राम अफीम के साथ दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया है। अफीम का अनुमानित बाजार मूल्य साढ़े पांच लाख रुपए है। यह कार्रवाई सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मनातू थाना क्षेत्र के ग्राम चक में अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री की जा रही है। इस सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए लेस्लीगंज (पांकी) के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान ग्राम चक निवासी उमाशंकर कुमार और उसके रिश्तेदार राहुल कुमार को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। उमाशंकर कुमार के घर की तलाशी लेने पर 1.114 किलोग्राम अफीम बरामद हुआ। बरामद अफीम को विधिवत जब्त किया गया। अभियुक्तों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस मोबाइल फोन की जांच कर इस नशे के अवैध कारोबार के नेटवर्क को खंगाल रही है। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने अवैध रूप से मादक पदार्थ की खरीद और बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार उमाशंकर कुमार (34) मनातू के चक और राहुल कुमार (34), लेस्लीगंज थानाक्षेत्र के पथराही के रहने वाले हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *