दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल ने जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही और घने कोहरे को देखते हुए कई लोकल, MEMU और पैसेंजर ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करने का निर्णय लिया है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला 7 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। रेल मंडल द्वारा जारी आधिकारिक आदेश (E/O No-53/01) के अनुसार, संबंधित रेल सेक्शन में हाथियों की मूवमेंट के कारण ट्रैक पर खतरा बना हुआ है। इसके साथ ही, मौसम में घने कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन में भी गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है। 07.01.26 से 09.01.26 तक यह ट्रेनें रद्द रहेंगी रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूरी तरह एहतियातन लिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले जंगल क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ी है, जिससे ट्रैक पर जान-माल के नुकसान की आशंका बनी रहती है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। यात्री NTES, रेलवे हेल्पलाइन या नजदीकी रेलवे स्टेशन से अपडेट लेकर ही यात्रा की योजना बनाएं। गौरतलब है कि झारखंड और ओडिशा से सटे रेलवे सेक्शन में हाथी-रेल टकराव की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे और वन विभाग लगातार समन्वय बनाकर निगरानी बढ़ा रहे हैं। रेलवे का कहना है कि स्थिति सामान्य होने पर ट्रेनों का परिचालन पुनः बहाल किया जाएगा।


