गुमला में टेंपो पलटा, एक युवती की मौत:नर्सिंग की कर रही थी पढ़ाई; शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, दो घायल

गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई। चिड़रा नदी के पास हुए इस हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई, जब कुछ लोग बेहराटोली गांव में आयोजित एक शादी समारोह से टेंपो से मंद्रियाटोली गांव लौट रहे थे। चिड़रा नदी चढ़न के पास टेंपो अचानक पीछे खिसकने लगा। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में बड़ा कटरा निवासी प्रियंजली मिंज (23) टेंपो के नीचे दब गईं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डुमरी ले जाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अलबेल केरकेट्टा ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे में मंद्रियाटोली गांव निवासी साक्षी टोप्पो (16) के बाएं पैर में और निमंती एक्का (38) के सिर व कमर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। निजी अस्पताल में करने वाली थीं ज्वाइन मृतका प्रियंजली मिंज नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं और उन्होंने एएनएम की पढ़ाई पूरी कर ली थी। वह दो दिन बाद एक निजी अस्पताल में प्रैक्टिस के तौर पर ज्वाइन करने वाली थीं। घटना की सूचना मिलने पर प्रमुख जीवंती एक्का और कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप मिंज अस्पताल पहुंचे। एसआई आनंदी साहू ने भी अस्पताल पहुंचकर रिपोर्ट तैयार की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *