डीएफओ फॉरेस्ट टीम ने मेज नदी से अवैध बजरी का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। यह कार्रवाई देर शाम की गई। अवैध बजरी खनन के खिलाफ कापरेन थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीएफओ की फ्लाइंग टीम ने महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध बजरी ले जाते हुए पकड़ा। टीम ने जब्त किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को कापरेन थाने में खड़ा करवाया और इसे वन विभाग, केशोरायपाटन के सुपुर्द कर दिया। फॉरेस्टर अतुल गुर्जर ने बताया कि डीएफओ फ्लाइंग टीम ने मेज नदी से अवैध बजरी परिवहन करते हुए इस महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया था। इसमें नरेंद्र माली नामक ड्राइवर मेज नदी से काली बजरी लेकर कापरेन की तरफ जा रहा था। गुर्जर ने आगे बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली कापरेन थाने में खड़ी है। अवैध बजरी खनन के खिलाफ कापरेन थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।


