जालोर के भागली स्थित ग्रेनाइट इंडस्ट्रीयल क्षेत्र में वोल्टेज समस्या से परेशान ग्रेनाइट कारोबारियों ने जीएसएस परिसर में धरना दिया। ग्रेनाइट व्यापारी बोले कि जब तक समाधान नही होगा, तब तक धरना जारी रहेगा। हालांकि शाम करीब 5 बजे जोधपुर डिस्कॉम के एग्जिक्यूटिव इंजीनियर धरना स्थल पर पहुंचे और 7 दिनों में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ। ग्रेनाइट व्यापारी प्रकाश कुमार ने बताया- जालोर के इंडस्ट्रीयल क्षेत्र में लंबे समय से बिजली वोल्टेज की समस्या चल रही हैं। व्यापारियों ने कई बार डिस्कॉम के अधिकारियों व जिला प्रशासन को अवगत कराया, लेकिन आज दिन तक कोई समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि वोल्टेज की समस्या के लते ग्रेनाइट में काम नही हो पा रहा है। जबकि बिल पूरा बन रहा है। जिससे प्रत्येक ग्रेनाइट व्यापारी को हर महीने 50 हजार रुपए तक का नुकसान हो रहा है। समस्या से नाराज ग्रेनाइट व्यवसायी वोल्टेज समस्या के समाधान की मांग को लेकर सभी ने ग्रेनाइट के काम को बंद रखा और भागली क्षेत्र के जीएसएस परिसर में धरने पर बैठे डिस्कॉम व राजस्थान सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि जालोर एक्सईन ने मौके पर पहुंच कर 7 दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।


