प्रतापगढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केसरियावाद थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो संदिग्धों को 3.335 किलोग्राम अवैध गांजा (केनाबिस) के साथ पकड़ा। थानाधिकारी रमेश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम थाने के सामने नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान पारेल की तरफ से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। उनके बीच में गुटखा का बैग रखा हुआ था। पुलिस ने जब बैग की तलाशी ली तो उसमें डंठल और डोडिया बीज सहित 3.335 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लालूराम (38 वर्ष) पुत्र धनराज मीणा, निवासी बोरज और भैरूलाल (28 वर्ष) पुत्र राजीया मीणा, निवासी खोखरी कला के रूप में हुई। दोनों केसरियावाद थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


