राजगढ़ जिले में सोमवार देर रात NH-52 पर कुंडकिया नाले के पास एक सड़क हादसा हो गया। 40 टन सीमेंट की बोरियों से भरा 16 पहियों का ट्राला अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया। हादसे में ट्राले में सवार दो ड्राइवर रोहित जाट और अंकित जाट घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल राजगढ़ में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार ट्राला सोमवार सुबह अजमेर से सीहोर के लिए रवाना हुआ था। सोमवार देर रात करीब 2 बजे, जब ट्राला जालपा माता मंदिर की पहाड़ी पार कर कुंडकिया नाले के पास पहुंचा, उस समय घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान अचानक सामने एक गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में ट्राले का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल पर लगी रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे पलट गया। घायल ड्राइवर किसी तरह बाहर निकले
हादसे के बाद ट्राले में भरी सीमेंट की बोरियां हाईवे-52 पर पुल के किनारे बिखर गईं। हालांकि पुल की रेलिंग ने ट्राले को नीचे नाले में गिरने से रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में घायल दोनों ड्राइवर किसी तरह ट्राले से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि रोहित जाट ने हाल ही में अजमेर से सेकेंड हैंड ट्राला खरीदा था और उसमें सीमेंट की बोरियां भरकर सीहोर ले जा रहे थे। फिलहाल दोनों घायलों का जिला अस्पताल राजगढ़ में इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि हादसे के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ।


