श्रीगंगानगर में नववर्ष के अवसर पर विभिन्न संगठनों ने उत्साहपूर्ण आयोजन किए। लॉयन्स क्लब (सनराईज) ने ‘न्यू ईयर फिल्म फिएस्टा-2026’ के तहत गोल्ड सिनेमा में परिवार सहित धर्मेंद्र की अंतिम फिल्म ‘इक्कीस’ देखी। लायंस क्लब विश्वास ने हरिबोल गौ धाम में गौ-सेवा जारी रखते हुए हरा चारा, कढ़ी-कचौरी व खिचड़ी का लंगर वितरित किया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष साहिल बंगाली ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ नवनिर्वाचित जिला कांग्रेस अध्यक्ष रूबी कुन्नर से मुलाकात कर अभिनंदन किया। आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर संयुक्त व्यापार मण्डल सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय कला मंदिर में 11 जनवरी को ‘सुरीली शाम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें शास्त्रीय एवं लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति होगी। पढ़िए, दिनभर की 5 छोटी-बड़ी खबरें… देशभक्ति के रंग में रंगा लॉयन्स क्लब, ‘सनराईज’ का नववर्ष स्नेह मिलन लॉयन्स क्लब श्रीगंगानगर (सनराईज) ने नववर्ष पर पारिवारिक कार्यक्रम ‘न्यू ईयर फिल्म फिएस्टा-2026’ आयोजित किया। गोल्ड सिनेमा में सदस्यों ने परिवार सहित धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ का आनंद लिया। फिल्म 1971 युद्ध में शहीद परमवीर चक्र विजेता लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की वीरगाथा पर आधारित है। फिल्म के दौरान सदस्यों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाकर वीर को नमन किया। साथ ही न्यू ईयर केक काटा गया और हाई-टी का आयोजन हुआ। एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष साहिल बंगाली ने रूबी कुन्नर से की मुलाकात एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष साहिल बंगाली ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ नवनिर्वाचित जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक रूपेन्द्र ‘रूबी’ कुन्नर से मुलाकात कर अभिनंदन किया। उन्होंने अपनी संगठनात्मक मजबूती का प्रदर्शन करते हुए पार्टी के प्रति समर्पण दोहराया। बंगाली ने कहा कि पद के लालच के बिना उन्होंने लंबे समय तक जमीनी कार्य किया, पर दो वर्षों से अनदेखी झेल रहे हैं। आवारा कुत्तों की समस्या से परेशान लोग, ADM को ज्ञापन सौंपा श्रीगंगानगर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से उत्पन्न खतरे को लेकर संयुक्त व्यापार मण्डल सहित कई सामाजिक-व्यापारिक संगठनों ने जिला कलेक्ट्रेट में अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने बताया कि कुत्ते बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों को काट रहे हैं, वाहन चालकों पर झपट्टा मार रहे हैं तथा रेबीज से मौतें हो चुकी हैं। नगर परिषद द्वारा नसबंदी पर खर्च के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। संगठनों ने तत्काल नसबंदी, टीकाकरण, शेल्टर होम और सुप्रीम कोर्ट आदेशों की पालना की मांग की। रामजस कला मंदिर में 11 जनवरी को ‘सुरीली शाम’ राष्ट्रीय कला मंदिर नववर्ष एवं लोहड़ी के उपलक्ष्य में 11 जनवरी को शाम 6:05 बजे चौधरी रामजस कला सदन में संगीतमय कार्यक्रम ‘सुरीली शाम’ आयोजित कर रहा है। अध्यक्ष वीरेंद्र बैद ने बताया कि डॉ. विष्णु पुरोहित विशेष अतिथि होंगे। ताल म्यूजिकल बैंड के साथ प्रसिद्ध गायकों द्वारा शास्त्रीय, सुगम एवं लोकप्रिय गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सभी संगीत प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होकर नववर्ष व लोहड़ी को संगीत के साथ मनाने की अपील की गई है। लायंस क्लब विश्वास की गौशाला में सेवा जारी लायंस क्लब, श्रीगंगानगर विश्वास चौथे वर्ष भी हर रविवार 10 गौ-स्वामणी हरा चारा सेवा कर रहा है। अध्यक्ष अमनप्रदीपसिंह काहलों निन्नी के नेतृत्व में बीते रविवार हरिबोल गौ धाम (पदमपुर-सूरतगढ़ बाईपास) में 5 क्विंटल हरा चारा सेवा चार्टर अध्यक्ष विजय गुप्ता द्वारा करवाई गई। क्लब ने कढ़ी-कचौरी तथा बाजरे की खिचड़ी का लंगर भी वितरित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष अमनप्रदीपसिंह, प्रवीण कौशल, डॉ. आईएम सेठी व विजय गुप्ता उपस्थित रहे।


