पूर्व मंत्री प्रेमसिंह परिवार संग नर्मदा परिक्रमा पर निकले:ओंकारेश्वर से यात्रा शुरू कर बड़वानी पहुंचे, जागीरदार पूरा घाट पर की पूजा

पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने मंगलवार सुबह अपने परिवार के साथ ओंकारेश्वर से नर्मदा परिक्रमा की शुरुआत की। सादगीपूर्ण ढंग से यात्रा करते हुए पूर्व मंत्री अपनी पत्नी के साथ दोपहर में बड़वानी जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने शहर के पास नए जागीरदार पूरा घाट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस यात्रा के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल और उनकी पत्नी नंगे पांव पैदल चल रहे थे। पूर्व मंत्री सफेद कुर्ता और धोती पहने हुए नजर आए। उनके साथ इस परिक्रमा में धरंजय सिंह और शुभम पांडे सहित परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हैं। उन्होंने ओंकारेश्वर में सिर पर कलश रखकर इस पवित्र यात्रा का शुभारंभ किया था। 15 दिनों में पूरी होगी ओंकारेश्वर से शुरू हुई यात्रा यह यात्रा बड़वानी से पाटी और खेतिया होते हुए महाराष्ट्र के प्रकाशा पहुंचेगी, जहां सभी यात्री विश्राम करेंगे। पूर्व मंत्री ने बताया कि यह परिक्रमा मां नर्मदा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने, परिवार की अच्छी सेहत, मानसिक शांति और समाज के कल्याण के संकल्प के साथ की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मां नर्मदा के आशीर्वाद से यह यात्रा अगले 15 दिनों में पूरी हो जाएगी। पद और शिक्षा से ऊपर है राष्ट्र सेवा और धर्म प्रेमसिंह पटेल ने इस यात्रा को पूरी तरह धर्म और आस्था से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और सनातन संस्कृति हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने अपने बचपन के संस्कारों को याद करते हुए कहा कि कोई भी पद या शिक्षा इंसान को अपनी जड़ों से दूर नहीं कर सकती और नर्मदा मैया ने हमेशा उनके परिवार को धर्म की राह दिखाई है। सियासी दिग्गजों की नर्मदा भक्ति का सिलसिला नर्मदा परिक्रमा का मध्य प्रदेश की राजनीति और धर्म में बड़ा महत्व रहा है। पटेल से पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल भी यह परिक्रमा कर चुके हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बेटे और बहू की यात्रा भी काफी चर्चा में रही है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी नदी के बचाव के लिए ‘नमामि देवी नर्मदे’ यात्रा निकाली थी। अब प्रेमसिंह पटेल भी इसी भक्ति मार्ग पर पैदल निकल पड़े हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *