​​​​​​​जमीन विवाद में फायरिंग, सात आरोपी गिरफ्तार:गिरिडीह पुलिस ने देशी पिस्टल, 23 जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त वाहन भी किया बरामद

गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भूपतडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग और मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से हथियार व घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन देशी पिस्टल, 23 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन, घटना में इस्तेमाल की गई एक सेंट्रो कार और दो बाइक बरामद की गई हैं। गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मंगलवार को इस मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 3 जनवरी को भूपतडीह निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा ने जमुआ थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। घायल रामू साव को धनबाद में भर्ती संतोष कुमार विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया था कि 5-6 अपराधियों ने जमीन विवाद को लेकर उनके साथ मारपीट और फायरिंग की। घटना के दौरान फायरिंग कर भागने के क्रम में आरोपी रामू साव की कमर में खोंसते समय पिस्टल का ट्रिगर दब गया, जिससे उसके जांघ में गोली लग गई। घायल रामू साव को SNMMCH, धनबाद में भर्ती कराया गया है। इस मामले में जमुआ थाना में कांड संख्या 03/2026 (दिनांक 04.01.2026) के तहत बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं और 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। त्वरित अनुसंधान के लिए खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। एसपी ने बताया कि सोमवार रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जरूवाडीह के पास जंगल में छापेमारी की। जोरासांख–डबरसैनी रोड किनारे जंगल में खड़ी एक सेंट्रो कार को घेराबंदी कर तलाशी ली गई। हथियार उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की इस दौरान विजय साव, संजय कुमार उर्फ संजय मंडल, अमित कुमार उर्फ अमित वर्मा, पंकज कुमार यादव उर्फ कारू यादव और नारायण मंडल को हथियार व कारतूस के साथ पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त राज कुमार मंडल को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में हथियार उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। विजय साव की निशानदेही पर सेंट्रो कार के डैशबोर्ड से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रामू साव, विजय साव, संजय मंडल, पंकज कुमार यादव, अमित कुमार, नारायण मंडल और राज कुमार मंडल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इनमें से अधिकांश का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ पूर्व से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। छापेमारी दल में जमुआ इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास, थाना प्रभारी विभूति देव, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार, भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार, नवडीहा ओपी प्रभारी दीपक कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *