छठी बटालियन आरएसी परिसर में मंगलवार को 45वीं अंतर बटालियन (रेंज स्तरीय) पुलिस खेल-कूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक एवं छठी बटालियन आरएसी के कमांडेंट विकास सांगवान ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार 9 जनवरी को होगा, जिसके बाद विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विभिन्न बटालियनों की कुल 9 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें द्वितीय, चतुर्थ, छठी, 8वीं, 10वीं, 12वीं, 14वीं आरएसी बटालियन के साथ-साथ हाड़ी रानी महिला बटालियन और महाराणा प्रताप बटालियन आरएसी शामिल हैं। खिलाड़ी लगभग 23 विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इन खेलों में हॉकी, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, शूटिंग, जूडो, एथलेटिक्स, भारोत्तोलन, जिम्नास्टिक्स, बॉक्सिंग और ताइक्वांडो जैसे खेल शामिल हैं। प्रतिदिन विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए छठी बटालियन आरएसी के डिप्टी कमांडेंट सुरेश सांखला ने बटालियन मुख्यालय पर गठित विभिन्न टीमों की संपर्क सभा आयोजित की। उन्होंने सभी कर्मियों को ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


