सवाई माधोपुर में खनन माफिया के रास्तों को बंद किया:शिकायतों के बाद एसपी-कलेक्टर मौके पर पहुंचे, बजरी और पत्थर ले जाने के रास्ते देखे

सवाई माधोपुर जिले में अवैध खनन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिला पुलिस और वन विभाग के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय रूप से कार्रवाई में जुट गया है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला कलेक्टर कानाराम, एसपी अनिल कुमार बेनीवाल और रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ मानस सिंह ने अवैध खनन में उपयोग में लाये जाने वाले मार्गों का निरीक्षण किया। अवैध परिवहन में उपयोग किए जा रहे रास्तों का निरीक्षण किया डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि लंबे समय से जिले में अवैध खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों पर वन विभाग और पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब खनन माफियाओं द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे रास्तों की पहचान कर उन्हें बंद करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। मंगलवार को जिला कलेक्टर और एसपी के साथ डीएफओ ने कुण्डेरा, भदलाव और छरौदा क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध पत्थर और बजरी के परिवहन में उपयोग किए जा रहे मार्गों का गहनता से जायजा लिया गया। डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर अवैध खनन और परिवहन को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इन मार्गों से लंबे समय से अवैध पत्थर और बजरी का परिवहन किया जा रहा था, जिस पर अब प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *