ओरछा में 23 जनवरी 2026 को बसंत पंचमी के अवसर पर एक भव्य सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन किया जाएगा। श्री रामराजा सरकार की नगरी में होने वाले इस कार्यक्रम में स्वामी श्री अभिरामदास देवाचार्य जी महाराज बटुकों को गायत्री दीक्षा प्रदान करेंगे। इस दौरान हजारों लोगों के पहुंचने के आसार हैं। संस्कार मंडल निवाड़ी के तत्वावधान में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। हाल ही में संत अनिरुद्ध दास जी, महंत कनक भवन मंदिर ओरछा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें नवीन कनक भवन परिसर और बेतवा नदी के घाट का निरीक्षण कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। आयोजन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। संत अनिरुद्ध दास जी ने बताया कि इस सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार में गायत्री दीक्षा प्रदान करने के लिए रामानंदाचार्य संप्रदाय के श्रीमद् जगद्गुरु द्वाराचार्य भावानन्दपीठाधीश्वर स्वामी श्री अभिरामदास देवाचार्य जी महाराज छत्तीसगढ़ से ओरछा पधार रहे हैं। स्वामी अभिरामदास जी महाराज वैदिक विधि-विधान के साथ बटुकों को गायत्री दीक्षा देंगे। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ और हवन भी संपन्न होंगे। अपने उपदेशों में स्वामी जी ब्रह्मचर्य, गुरु-शिष्य परंपरा, संयमित जीवन और शास्त्रीय मर्यादाओं के महत्व पर प्रकाश डालेंगे। गायत्री दीक्षा के माध्यम से बालकों को विद्या, सद्बुद्धि और धर्मपथ पर अग्रसर होने का संकल्प दिलाया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, बसंत पंचमी पर होने वाला यह संस्कार सनातन परंपरा में विशेष महत्व रखता है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अभिभावक और धर्मप्रेमीजन शामिल होंगे। स्वामी अभिरामदास जी महाराज के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। बैठक के दौरान संत अनिरुद्ध दास जी, आचार्य सचिन महाराज, आचार्य वरुण तिवारी, विजय भार्गव, मुकेश दीक्षित, राजेश पटेरिया, राजकुमार बाजपेई, दीपक नीखरा, अंकित शर्मा, ऋषिकांत रावत सहित यज्ञोपवीत संस्कार कार्यक्रम के संयोजक अनुराग चतुर्वेदी उपस्थित रहे।


