इंदौर घटना के बाद टीकमगढ़ में पानी की जांच:कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारी निकले, हेल्पलाइन नंबर जारी

टीकमगढ़ कलेक्टर ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौत की घटना के बाद जिले की सभी नगर परिषदों को पानी की जांच करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के बाद मंगलवार को टीकमगढ़ नगर पालिका के सीएमओ ओमपाल सिंह भदोरिया ने विभागीय और पीएचई कर्मचारियों के साथ कुछ घरों में पानी के सैंपल लिए। वार्ड नंबर 18 में राहुल तिवारी के घर से पानी का सैंपल लिया गया। जांच के बाद सीएमओ ने बताया कि पानी की शुद्धता तीन पैरामीटर पर जांची गई, और तीनों में पानी शुद्ध पाया गया। सीएमओ ने शहर के 27 वार्डों के लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी गंदे पानी की शिकायत हो, तो वे सीधे नगर पालिका दफ्तर आकर शिकायत दर्ज कराएं। दरअसल, टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने सभी निकायों के सीएमओ को पेयजल पाइपलाइन का निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि पेयजल संबंधी शिकायत मिलने पर तत्काल सुधार की कार्यवाही की जाए। कलेक्टर ने सभी सीएमओ को पेयजल सप्लाई के प्रारंभिक बिंदु और सभी वार्डों में सप्लाई होने वाले पानी के सैंपल लेकर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही, ईई पीएचई को ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई के पानी का सैंपल लेकर आखिरी बिंदु तक पहुंचने वाले पानी की जांच करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिले को स्वच्छ बनाने के लिए सभी सीएमओ नियमित रूप से स्वयं निरीक्षण करें और फील्ड विजिट कर स्थिति का जायजा लें। बैठक में बताया गया कि नगर पालिका टीकमगढ़ ने पेयजल संबंधी समस्याओं के लिए हेल्पडेस्क भी बनाई है। नगरवासी पेयजल के संबंध में शिकायत होने पर 07683245323, 9131262121, 9752762128 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *