देवास शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां सोमवार को एक व्यक्ति अपनी लकवाग्रस्त पत्नी को हाथ ठेले पर बिठाकर पैसे निकालने के लिए पोस्ट ऑफिस ले गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंगलवार को जिला प्रशासन हरकत में आया। यह घटना देवास शहर के एबी रोड पर हुई। वीडियो में शिवाजी बाघले नामक व्यक्ति अपनी पत्नी को ठेले पर ले जाते हुए दिख रहे हैं। बताया गया कि वह अपनी पत्नी को पोस्ट ऑफिस से पैसे निकलवाने के लिए ले गए थे। पैसे निकालने के बाद वे पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाय वापस घर ले गए। पति बोला- एम्बुलेंस वाले ने पैसे मांगे, फिर पलटा
वायरल वीडियो में शिवाजी बाघले ने कहा था कि गरीब का कोई नहीं होता और एम्बुलेंस वाले पैसे मांग रहे थे, जो उनके पास नहीं थे। वह शहर की झुग्गी-झोपड़ी में रहते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद जिला अस्पताल की एक टीम पीड़ित के घर पहुंची। टीम से बातचीत में शिवाजी बाघले ने बताया कि वह अपनी पत्नी को केवल पोस्ट ऑफिस तक पैसे निकालने के लिए ठेले पर ले गए थे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अस्पताल नहीं पहुंचे थे और न ही उन्होंने किसी एम्बुलेंस को बुलाया था। आएमओ बोले- मरीज अस्पताल नहीं आया
मामले में जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. अजय पटेल ने बताया कि इस तरह का कोई मरीज उपचार के लिए अस्पताल नहीं पहुंचा था। जानकारी मिलने पर जिला अस्पताल की टीम मरीज के घर भेजी गई थी और पंचनामा बनाया गया है। अब आयुष्मान कार्ड के आधार पर मरीज का उपचार अमलताश अस्पताल में करवाया जाएगा।


