जयपुर में पहली बार आयोजित कॉमिक कॉन जयपुर 2025 का भव्य और उत्साहपूर्ण समापन हो गया। तीन दिनों तक चले इस पॉप कल्चर महोत्सव में कॉमिक्स, कॉस्प्ले, क्रिएटर्स और मनोरंजन के साथ-साथ गेमिंग अनुभव ने सबसे अधिक ध्यान आकर्षित किया। खासतौर पर रॉयल चैलेंज पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की ओर से प्रस्तुत क्रिकेट गेमिंग ज़ोन कॉमिक कॉन का प्रमुख आकर्षण बनकर उभरा। जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में 4 से 6 जनवरी तक आयोजित इस आयोजन में ई-स्पोर्ट्स फैंस, युवा दर्शक और पॉप-कल्चर प्रेमी बड़ी संख्या में पहुंचे। रॉयल चैलेंज के गेमिंग जोन में मोबाइल पर वर्ल्ड क्रिकेट चैंपियनशिप 3, प्लेस्टेशन-5 पर क्रिकेट 24 और इमर्सिव वीआर क्रिकेट अनुभव के लिए दर्शकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। तीनों दिन यह जोन लगातार भरा रहा और युवाओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। गेमिंग अनुभव को और खास बनाते हुए भारत के प्रसिद्ध गेमिंग यूट्यूबर और ई-स्पोर्ट्स आइकॉन स्काउट तन्मय सिंह की मौजूदगी ने फैंस का जोश दोगुना कर दिया। उनके साथ हुए मीट-एंड-ग्रीट और फ्रेंडली एक्जीबिशन मैचों ने दर्शकों और गेमिंग क्रिएटर्स के बीच सीधा जुड़ाव स्थापित किया। आयोजकों के अनुसार, कॉमिक कॉन जयपुर 2025 ने यह साफ कर दिया कि गेमिंग अब केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी की संस्कृति और अभिव्यक्ति का अहम हिस्सा बन चुका है। ई-स्पोर्ट्स और कैज़ुअल गेमिंग दोनों ही स्तरों पर दर्शकों की भागीदारी ने भारत में तेजी से बढ़ते गेमिंग कल्चर की झलक दिखाई। राजस्थान सरकार की एवीजीसी नीति के तहत समर्थित इस आयोजन में गेमिंग के साथ-साथ कॉस्प्ले प्रतियोगिताएं, लाइव परफॉर्मेंस, कॉमेडी शोकेस और क्रिएटर सेशंस भी आकर्षण का केंद्र रहे। हालांकि, पूरे कॉमिक कॉन के दौरान जिस अनुभव ने सबसे अधिक चर्चा बटोरी, वह इंटरैक्टिव और इमर्सिव गेमिंग जोन रहा।


