ब्यावर में पिपलाज टोल प्लाजा पर मंगलवार को सड़क सुरक्षा अभियान के तहत एक संयुक्त वाहन रैली का आयोजन किया गया। यह रैली परिवहन विभाग और टोल प्लाजा स्टाफ के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई। इसका उद्देश्य वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना था। रैली के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों से कई महत्वपूर्ण अपीलें कीं। उन्होंने शराब पीकर गाड़ी न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करने और हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाने का आग्रह किया। इसके अतिरिक्त, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने और कोहरे में तेज गति से वाहन चलाने से बचने की सलाह दी गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम में परिवहन विभाग से इंस्पेक्टर नरेंद्र चौधरी और चालक धर्मेंद्र सिंह उपस्थित रहे। टोल प्लाजा स्टाफ से मैनेजर अमित राय सिंघानी, कॉरिडोर इंचार्ज गणपत सिंह रावत के साथ शक्ति सिंह, विकास कुमावत, शिवलाल माली, रविंदर, गोविंद, मनोहर, इकबाल, राधाकृष्ण और चंद्र सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद थे।
सभी उपस्थित लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ ली और आमजन से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।


