दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक शराब दुकान को अपना निशाना बनाया और लाखों रुपए की शराब पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार की देर रात हुई इस चोरी की वारदात का पता मंगलवार सुबह चला। शराब दुकान के मैनेजर आशीष राय के मुताबिक, चोरी की यह घटना रात करीब 1 बजे के बाद हुई। चोरों ने दुकान के पास बने गोदाम का शटर तोड़ा और अंदर घुस गए। बताया जा रहा है कि चोर वहां से करीब 80 से 100 पेटी शराब चोरी कर ले गए हैं। सुबह कर्मचारी पहुंचे तो खुला मिला स्टोर वारदात का पता मंगलवार सुबह तब चला जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे। स्टोर का हाल देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत इसकी खबर मैनेजर को दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस कर रही स्टॉक का मिलान और चोरों की तलाश सूचना मिलते ही नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अब दुकान के स्टॉक का मिलान कर रही है ताकि पता चल सके कि कुल कितनी शराब और कितने रुपयों का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


