‘छोटा सा बच्चा है। उसे कैसे पालेंगे। हमारी बहू चली गई। हम चाहते हैं कि जैसे बहू की मौत हुई, वैसे ही हत्यारों को सजा मिले, तभी न्याय होगा। वह प्रेग्नेंट थी, लेकिन फिर भी हत्यारे नहीं माने और लात मार दी।’ यह कहते हुए वाराणसी की सलोनी पटेल की सास रुक्मणि पटेल रोने लगीं। 27 साल की सलोनी 5 माह की प्रेग्नेंट थी। रविवार रात पेट में दर्द और तबीयत खराब होने के बाद पति उन्हें अस्पताल ले जा रहा था। गली में दबंगों ने ऑटो रोककर सलोनी के पति दशमी पटेल से मारपीट की। इस दौरान सलोनी के पेट पर लात मार दी। इसके बाद उसका गर्भपात हो गया। सोमवार शाम को अत्यधिक ब्लीडिंग के बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने शव रखकर चक्काजाम किया तो मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आज पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंपा जाएगा। दैनिक भास्कर की टीम सलोनी पटेल के घर पहुंची। यहां पति, सास और पड़ोसियों से बातचीत की। पढ़िए रिपोर्ट… पति की जुबानी, पूरा मामला जानिए… लालपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज–कुलगंज खजूरी निवासी दशमी पटेल ने बताया, ‘मैं कुकिंग का काम करता हूं। लंका में एक परिवार के साथ रहता हूं। उनके यहां ही खाना बनाता हूं। अपने घर 15 दिन में एक बार आता हूं। मेरी पत्नी सलोनी की तबीयत कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। वह पांच महीने की प्रेग्नेंट थी। कुछ दिनों से उसे पेट में दर्द था। उसने फोन किया तो मैं 28 दिसंबर को घर आया। पत्नी को डॉक्टर के यहां दिखाया तो उसे थोड़ा आराम मिला। 4 जनवरी को सलोनी की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। शाम साढ़े 6 बजे से उसने कहा कि पेट में बहुत दर्द है, अब बर्दाश्त नहीं हो रहा, डॉक्टर के यहां ले चलो। इस पर मैं गली से होते हुए सड़क पर ऑटो लाने के लिए गया।’ ‘ठेला हटाने को कहा तो धक्का दिया’
पति ने कहा, ‘मेरे घर जाने वाली एक तरफ की गली छोटी है, उसमें ऑटो नहीं जा सकता था। मेरी पत्नी चल नहीं सकती थी। ऐसे में दूसरी तरफ से ऑटो लेकर जाने लगा। वहां खड़े सब्जी-फल के ठेलों से दिक्कत हुई। मैंने ठेला हटाने को कहा तो उनमें से एक ने कहा कि ठेला नहीं हटेगा। मैंने कहा कि मेरी पत्नी प्रेग्नेंट है, वह चल नहीं सकती, तो मनबढ़ों ने कहा कि जो भी हो, पैदल लेकर आओ। मैंने रिक्वेस्ट की तो उन्होंने धक्का दे दिया। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई।’ पत्नी ने मुझे बचाने की कोशिश की तो पेट में लात मारी
दशमी पटेल ने बताया, ‘मेरी पत्नी सलोनी दर्द की हालत में किसी तरह वहां आ गई। उसने मुझे बचाने की कोशिश की तो मनबढ़ों ने उसके पेट में लात मार दी। वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगी। पड़ोसियों ने उठाकर उसे सारनाथ अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। मैं दूसरे रास्ते से अस्पताल जाने लगा तो उन्होंने दोबारा मुझे पकड़ लिया और बहुत मारा। हमने रात में ही थाने में आवेदन दिया, जिस पर FIR दर्ज कर ली गई है। शाम को इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। हमें प्रशासन से बस यही कहना है कि हमें न्याय मिले। दोषियों को पुलिस गिरफ्तार करे और सजा दे, ताकि किसी और के साथ ऐसा न हो।’ सास बोली- बहू के हत्यारों को सजा मिले सलोनी की सास रुक्मणि ने रोते हुए कहा, ‘मैं और मेरी बहू सलोनी एक ही कमरे में थे। मारपीट की आवाज सुनकर सलोनी बाहर निकली। ठेले वालों ने मेरे बेटे को बहुत मारा। मेरी बहू ने बचाने की कोशिश की तो उसके पेट पर लात मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। अब खाना कौन बनाएगा। वह हमारा सब कुछ देखती थी। हमें बस न्याय चाहिए। जैसे हमारी बहू की मौत हुई है, वैसे ही उन लोगों को भी कड़ी सजा मिले। हमारी बहू का क्या दोष था, जो उसे मार डाला। पुलिस उन्हें जेल भेज दे, ताकि हमारी बहू की आत्मा को शांति मिल सके। मेरा 7 साल का एक पोता वासु पटेल है, जो कक्षा दो में पढ़ता है। उसकी परवरिश कैसे होगी। उसे तो पता भी नहीं कि उसकी मां चली गई है। वह बार-बार अपनी मां को पूछ रहा है।’ ———————- ये खबर भी पढ़ें… यूपी SIR की पहली ड्राफ्ट सूची आज:दूसरे चरण में लिए जाएंगे दावे और आपत्तियां, जानिए जिनका नाम नहीं है वो क्या करें? यूपी में SIR प्रक्रिया का पहला चरण पूरा हो चुका है। मंगलवार को इसकी पहली ड्राफ्ट सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद एक महीने यानी 6 जनवरी से 6 फरवरी तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। पढ़ें पूरी खबर….


