बिना नंबर पिकअप से गोवंश तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार:बैतूल बाजार पुलिस की कार्रवाई, महाराष्ट्र ले जाए जा रहे थे दो बैल

बैतूल बाजार पुलिस ने गोवंश की अवैध तस्करी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर की सफेद बुलेरो पिकअप वाहन और उसमें क्रूरतापूर्वक बांधे गए दो बैल बरामद किए हैं। बैलों को महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा था। यह कार्रवाई बजरंग दल के एक कार्यकर्ता से मिली सूचना के आधार पर की गई। सूचना में बताया गया था कि साकादेही से आठनेर रोड होते हुए एक सफेद पिकअप वाहन में गोवंशों को महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। घेराबंदी कर वाहन काे रोका सूचना मिलते ही पुलिस ने आठनेर रोड स्थित भोगीटेडा क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान पिकअप में रस्सियों से बंधे दो बैल मिले। पुलिस ने वाहन चालक और उसके साथी से गोवंश परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कमलेश यादव (30) निवासी बासंपानी और भिक्कू यादव (56) निवासी साकादेही बताए। पुलिस ने मौके से लगभग 40 हजार रुपए मूल्य के दो बैल और करीब 4 लाख रुपए कीमत का बुलेरो पिकअप वाहन जब्त किया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9, 11 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *