बलरामपुर जिले के लडुवा गांव में मटर तोड़ने से नाराज युवक ने दो स्कूली बच्चों को पकड़कर उन्हें रस्सी को बांध दिया और उनकी पिटाई कर दी। मामले का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मामले में एक छात्र के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है। मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो शनिवार का है। ग्राम लडुवा निवासी कृष्ण नाथ टोप्पो का कक्षा दूसरी में पढ़ने वाला 7 वर्षीय पुत्र गांव के ही एक अन्य बच्चे के साथ स्कूल जाने के लिए निकला था। रास्ते में पड़ने वाले खेत से वे मटर तोड़कर खाने लगे। उन्हें मटर तोड़ते हुए देखकर खेत के मालिक कपिल टोप्पो ने दौड़ाकर दोनों बच्चों को पकड़ लिया। हाथ-पैर बांधकर पीटा, वीडियो सोशल मीडिया में वायरल
दोनों बच्चों को पकड़ने के बाद कपिल पैकरा ने बच्चों को रस्सी से बांध दिया और उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान बच्चे रोते हुए उन्हें छोड़ देने की मिन्नतें करते रहे। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मामले का वीडियो भी बना लिया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद कपिल टोप्पो ने बच्चों को छोड़ दिया। मारपीट से सहमे कृष्णनाथ टोप्पो के बच्चे को रात को बुखार भी आ गया था। बच्चों ने परिजनों को मारपीट की जानकारी नहीं दी। मामले का वीडियो सोशल मीडिया में डाल दिया गया। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों को मारपीट का पता चला। पुलिस ने दर्ज किया FIR, हिरासत में आरोपी
इधर मारपीट करने वाले कपिल टोप्पो ने कृष्ण नाथ टोप्पो को धमकी भी दी कि उसने रिपोर्ट की तो अच्छा नहीं होगा। धमकी से सहमें कृष्ण नाथ टोप्पो ने शिकायत दर्ज नहीं कराई। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने उससे FIR दर्ज कराने कहा। मंगलवार को कृष्ण नाथ टोप्पो राजपुर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने आरोपी कपिल टोप्पो के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बच्चे का मुलाहिजा भी कराया। बताया गया है कि आरोपी कपिल टोप्पो एवं बच्चे के पिता के बीच आपसी विवाद भी है। दूसरा बच्चा जिसे पीटा गया, वह आरोपी के परिवार का ही है। दूसरे बच्चे के अभिभावकों ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।


