मुरादाबाद में छत से फायरिंग की गई। पहले पत्थर फेंके, फिर फिल्मी अंदाज में दो युवकों ने ताबड़तोड़ फायर किए। इनमें एक युवक जख्मी हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। खुलेआम फायरिंग पथराव की सूचना मिली तो पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी घर में ताला बंद करके भाग गए। फायरिंग में एक युवक जख्मी हुआ। वारदात रविवार दोपहर कटघर थाना क्षेत्र के सिरसा इनायतपुर की है, लेकिन वीडियो आज सामने आया। 3 तस्वीरें देखिए… चौराहे पर विवाद, फिर छतों से फायरिंग
पुलिस ने बताया- गांव में दो परिवारों में प्रधानी चुनाव से रंजिश है। एक परिवार चांद बाबू का और दूसरा अफसर अली का है। दोनों ने प्रधानी का चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों हार गए। तब से कई बार दोनों परिवारों में विवाद हो चुका है। दो महीने पहले अफसर अली के बेटे पर लड़की से रेप का आरोप लगा था। वह जेल में बंद है। इस घटना को लेकर रविवार को भी दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ। दोनों के घर आमने-सामने हैं। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों परिवार छत पर आ गए। एक दूसरे पर पहले पथराव और फिर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग करते हुए का वीडियो भी सामने आया है। इसमें चांद बाबू के घर से उसके लड़के छत से पथराव और फायरिंग कर रहे हैं। उन्होंने अफसर अली के घर पर करीब आधे घंटे तक फायरिंग की। गोली लगने से अफसर अली का बेटा सलीम घायल हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग फरार
वारदात के बाद फायरिंग वाली गली में अब सन्नाटा पसरा है। दोनों पक्ष घरों पर ताले लगाकर फरार हो गए हैं। वे इस समय कहां हैं। इसके बारें में किसी को कुछ भी नहीं पता। घटना स्थल पर इस समय पुलिस मौजूद है। लोगों से बात कर घटना की जानकारी ली जा रही है। अफसर अली की बेटी बोली-चांद बाबू के भाई ने चलाई पहली गोली
इस मामले में दूसरे पक्ष से अफसर अली की बेटी सिम्मी ने कहा-मेरे पिता और भाई नमाज पढ़ने गए थे। वापसी में चौक पर चांद बाबू के भाई शाने आलम ने उन पर गोली चला दी। सिम्मी बोली- चांद बाबू का परिवार हमारे परिवार से रंजिश मानता है। मेरी मम्मी ने प्रधानी का चुनाव लड़ा था। मेरे भाई साईम को भी चांद बाबू ने रेप के झूठे केस में बंद करा दिया है। कल भी उसने उकसाकर गालियां देकर पथराव शुरू कराया। कुछ दिन पहले ही उसने अपने घर के दरवाजे पर कैमरे लगवाए हैं। चांद बाबू की साजिश थी कि जब उसके हमले के जवाब में हमारे पक्ष से कुछ हो तो वो उसके घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो जाए और हम ही लोग जेल जाएं। पुलिस पर पक्षपात करने के आरोप लगाए
अफसर अली की बेटी सिम्मी ने कहा- चांद बाबू के बेटे सुभहान की फायरिंग से उसके भाई अरमान को गोली लगी है। उसने पुलिस पर भी पक्षपात करने के आरोप लगाए। पंडित नगला चौकी के दरोगा दीपक चौहान आए थे। उन्होंने कहा- तुम बहुत बोल रही हो। जिसकी वजह से हमें घर छोड़कर भागना पड़ा। इसके बाद हम लोग घर से निकल गए थे। रात में जब लौटे तो देखा घर का सामान सब कुछ बिखरा था। मेरी बकरी भी मार दी थी। दरोगा जी चांदबाबू के खास भाई हैं। जब भी गांव में आते हैं तो नाश्ता करके जाते हैं। अफसर अली की बेटी सिम्मी ने कहा, चौकी इंचार्ज दीपक चौहान ने दूसरे पक्ष की बात तो पूरी तसल्ली से सुनी लेकिन हमारे घर आकर सीधे तोड़फोड़ शुरू कर दी। अपने रेपिस्ट बेटे को छुड़ाना चाहता है अफसर अली चांदबाबू की पत्नी सलमा ने दैनिक भास्कर से बताया- दूसरे पक्ष के अफसर अली के बेटे साहिब अली ने 2 महीने पहले गांव की एक लड़की से रेप किया था। तभी से वो जेल में बंद है। मेरे पति इस मामले में रेप पीड़िता की पैरवी कर रहे हैं। जबकि अफसर अली लड़की के घर वालों पर दबाव बनाकर केस में सुलह-समझौता कराने की कोशिशों में लगे हैं। इसीलिए अफसर अली की कोशिश है कि किसी तरह लड़ाई-झगड़ा करके दबाव बनाया जा सके। सलमा ने बताया कि रविवार को चौराहे पर उनका देवर अपनी दुकान पर बैठा था। तभी अफसर अली के लड़कों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद छतों पर चढ़कर गोलियां चलाईं। सलमा ने कहा कि जवाब में हमारी ओर से भी छतों से पथराव किया गया। पुलिस ने खुद दर्ज की FIR
कटघर इंस्पेक्टर ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब दोनों पक्षों के लोग घर में ताला बंद करके भाग चुके थे। घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने कोई एप्लिकेशन नहीं दी। पुलिस ने खुद ही इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। दोनों की तलाश की जा रही है। एसपी सिटी ने कहा-जल्द पकड़े जाएंगे फायरिंग करने वाले
एसपी सिटी रण विजय सिंह ने बताया- फायरिंग पथराव की घटना में पुलिस ने अपनी ओर से मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। जल्द सभी को गिरफ्तार करके फायरिंग में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव में एक पक्ष चांद बाबू और दूसरा अफसर अली का है। दोनों में पुराना विवाद है। रविवार को किसी मुकदमे में समझौते के लिए दोनों में टकराव हुआ। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्ष घरों में ताले डालकर गांव से फरार हो गए। ———————————— ये खबर भी पढ़ें :- गर्लफ्रेंड के लिए SBI में किया था खून-खराबा:कानपुर पुलिस ने नाम पूछा तो बोला- उसकी गलती नहीं, B.Sc कर रहा है लुटेरा ‘मेरी गर्लफ्रेंड अक्सर सामान और रुपए की डिमांड करती है। उसके शौक को पूरा करने के लिए मैंने बैंक लूट की साजिश रची।’ यह कहना है कानपुर SBI बैंक में आधे घंटे खून खराबा करने वाले लुटेरे का। पुलिस ने जब उससे गर्लफ्रेंड का नाम पूछा तो आनाकानी करने लगा। कहा- जो कहना है, मुझे कहो..मेरी गर्लफ्रेंड को कोई कुछ नहीं कहेगा। उसकी कोई गलती नहीं है। पढ़ें पूरी खबर


