जोधपुर में मां की हत्या के बाद बेटा लाश के पास लेट गया। पोता घर पहुंचा तो गेट बंद था। पड़ोसी की छत से जाकर देखा तो कमरे में दादी की लाश पड़ी थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो बेटा बोला- मैंने ही मारा है। मामला बनाड़ इलाके के जाजीवाल खीचियान गांव का है। पुलिस आज आरोपी बेटे को कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस के मुताबिक, घटना 4 जनवरी की शाम करीब 6 बजे की है। ओमप्रकाश (47) ने मां परमुड़ी देवी (75) की हत्या कर दी। जब ओमप्रकाश का बेटा सुरेंद्र घर लौटा, तो गेट अंदर से बंद मिला। उसने कई बार आवाज दी और दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। अनहोनी की आशंका से वह पड़ोसी के घर से छत पर चढ़कर अपने घर में पहुंचा। अंदर का नजारा देखकर वह सन्न रह गया। दादी चारपाई पर मृत पड़ी थी, जबकि पिता ओमप्रकाश पास की चारपाई पर लेटे थे। एसआई त्रिलोक दान ने बताया कि महिला के गले पर लाल-नीले निशान थे और कान-नाक से खून बह रहा था। शव के पास ही एक खून से सनी रस्सी पड़ी थी। महिला की ज्वेलरी भी गायब थी। पुलिस को देख बोला- मैंने ही मारा है
पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया उसने ही मां के साथ मारपीट की और रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के कपड़ों पर भी खून के निशान मिले। परिवार रिपोर्ट देने को तैयार नहीं था
एसआई त्रिलोक दान ने बताया- घटना के वक्त घर पर आरोपी और उसकी मां के अलावा कोई नहीं था। परिवार ने पुलिस में रिपोर्ट देने से मना कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सबूतों के आधार पर खुद संज्ञान लिया। थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया- आरोपी ओमप्रकाश नशे का आदी था। संभवतः नशे की लत पूरी करने के लिए उसने मां के जेवर छीनने से पहले उसकी हत्या की और ज्वेलरी छुपा दी थी। पुलिस ने ज्वेलरी बरामद कर ली है। सोमवार को एफआईआर दर्ज हुई और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कुछ दिन पहले पत्नी का भी गला दबाया
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओमप्रकाश ने कुछ दिन पहले ही पत्नी का भी गला दबा दिया था। वो बड़ी मुश्किल से बची थी और हॉस्पिटल में भर्ती रही थी। आरोपी के दो बेटे जितेंद्र और सुरेंद्र है। — ये खबर भी पढ़ें रिटायर्ड-फौजी पिता के सामने बेटे ने की मां की हत्या:गला दबाया, फिर सिर पर डंडा मारा; वाई-फाई कनेक्शन को लेकर हुआ था झगड़ा जयपुर में रिटायर्ड फौजी पिता के सामने बेटे ने मां की हत्या कर दी। सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे वाई-फाई कनेक्शन को लेकर मां-बेटे में कहासुनी हो गई थी। इसके बाद बेटे ने मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। (पूरी खबर पढ़ें)


