समृ​द्धि की कामना के साथ माता के दर पर आस्था का शृंगार

भास्कर न्यूज |बूंदी शहर के बाणगंगा के पास पहाड़ी पर स्थित चौथ माता मंदिर में तिल चौथ के पावन पर्व पर मंगलवार को हजारों श्रद्धालु माता के दरबार में हाजिरी लगाई। श्रीचौथमाता मंदिर विकास समिति की ओर से आयोजित चौथमाता मेले में तड़के से ही हजारों दर्शनार्थियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था, जैसे-जैसे दिन निकला दर्शनार्थियों का सैलाब भी बढ़ता गया। रात तक करीब ढ़ाई लाख से अधिक भक्तों ने माता के दर्शन किए। दर्शनों के लिए भक्तों की कतारें लगी रही। शहर के जैतसागर रोड पर माता के दर्शनों के लिए पैदल जाते भक्त नाचते-गाते चल रहे थे। श्रद्धालुओं की आस्था इस कदर नजर आई कि कई किमी पैदल चलने के बाद भी थकान नहीं दिखी। मेला समिति अध्यक्ष गोपाल गुर्जर, संरक्षक रामप्रताप मीणा व महामंत्री पुरुषोत्तम नुवाल, कोषाध्यक्ष शंकर मेवाड़ा ने बताया कि सुबह मंगला आरती में भारी उत्साह दिखाई दिया। मेले में भी कई दुकानें, झूले, चकरी लगे, लोगों ने खरीदारी की। वहीं शहर के सभी प्रमुख मार्ग और चौथ माता मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं की सेवा में कई धर्म प्रेमियों, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं ने जगह-जगह पांडाल लगाकर भंडारों और प्रसादी का बंदोबस्त किया। श्रद्धालुओं को गाजर का हलवा, खिचड़ी, चाय, गजक, गर्म पकोड़ी, पेयजल, केसर के दूध वितरण किया। 8 जनवरी को समारोह पूर्वक मेले का समापन होगा। दूसरी ओर जय चौथ माता मंदिर बीबनवा रोड पर वैदिक मंत्र उच्चारण से पूजा-अर्चना हुई। 151 दीपकों की महाआरती, दुर्गा चालीसा, व विंध्येश्वरी चालीसा का संगीतमय पाठ हुआ। भंडारों में केसर युक्त दूध का वितरण किया। तैनात रहा पुलिस जाब्ता एएसपी उमा शर्मा ने बताया कि तीन एएसपी, 5 डिप्टी, 12 सीआई व 500 करीब पुलिस अधिकारी व जवान तैनात थे। संदिग्धों पर नजर रखने के लिए सादा वर्दी में जवान लगाए गए थे। मेले में श्रद्धालुओं की सोने की बाली और मोबाइल गिर गया, जिसे पुलिस को दिया गया। पुलिस ने दोनों कोतवाली में रखवाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *