भास्कर न्यूज | बाड़मेर नए साल के पहले ही दिन हुई मावठ से पिछले 6 दिनों से थार का रेगिस्तान कड़ाके की ठंड की चपेट में है। हाल ये है कि सुबह कोहरा और दिन में भी सर्दी से राहत नहीं मिल रही है। आगामी 4 दिन तक शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। इधर जिला प्रशासन ने तेज ठंड को देखते हुए कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों को स्कूलों में छुट्टी कर दी है। 7 व 8 जनवरी तक स्कूलों में अवकाश रहेगा। प्रदेश के करीब 30 से ज्यादा जिलों में ठंड के कारण अवकाश घोषित है। ऐसे में बाड़मेर में भी स्कूलों में छुट्टी की गई है। मंगलवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 25.1 और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को सुबह कोहरा था। सड़कों पर घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार थमी रही। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 4-5 दिन तक शीत लहर का अलर्ट रहेगा। इस दौरान उत्तर भारत की तरफ से बर्फीली हवा चलेगी। 20-25 किमी. की रफ्तार से चलने वाली इन हवाओं की वजह से शीत लहर कड़ाके की ठंड लेकर आएगी। इससे तापमान में गिरावट की संभावना है।


