लुधियाना |टिब्बा रोड स्थित हरदेव इन्क्लेव में कार पार्किंग को लेकर हुए झगड़े की सूचना पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर के साथ बदसलूकी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक और उसके साथियों ने न सिर्फ पुलिस से गाली-गलौज की, बल्कि सरकारी ड्यूटी में भी बाधा डाली। सब इंस्पेक्टर इंदरजीत सिंह ने बताया कि 4 जनवरी की रात वह थाने में ड्यूटी अफसर के रूप में तैनात थे। इसी दौरान हरदेव इन्क्लेव इलाके में लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली। वह तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर जांच के दौरान सामने आया कि गली में रहने वाले विकास जैन, संजीव कुमार और प्रिंस वर्मा के बीच कार पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस जब विकास जैन और संजीव कुमार से बातचीत कर रही थी, तभी प्रिंस वर्मा उर्फ नाइस वहां पहुंचा। आरोप है कि प्रिंस वर्मा के साथ उसकी मां दीक्षा वर्मा और राजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे और तैश में आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। पुलिस द्वारा समझाने पर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान आरोपियों ने सब इंस्पेक्टर की वर्दी पकड़कर धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गए और उनकी सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंची। मौके पर मौजूद पुलिस ने आरोपी प्रिंस वर्मा को काबू कर लिया। जबकि उसकी मां दीक्षा वर्मा और राजीव कुमार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों को भी मामले में नामजद किया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


