स्वच्छता का WOW : एप से बुकिंग पर शौचालय की सफाई करने पहुंचेंगे मित्र, 697 जगह की सफाई

स्वच्छता की बात करें तो यह आपके काम की खबर है। वॉव wow (वॉश ऑन व्हील्स) एप से जिले में स्वच्छता की दिशा में तेजी से कदम बढ़ रहे हैं। ये एक ऐसा एप्लीकेशन एप है, जिसके जरिए लोग शौचालय की सफाई की ऑनलाइन ​बुकिंग करवा रहे हैं। आंकड़े बताते हैं कि जिले में अब तक 1046 बुकिंग हो चुकी हैं। इनमें से 697 जगह सफाई का काम भी किया जा चुका है। 349 आवेदन अभी क्यू में है। एप का सर्वाधिक लाभ जिले की खाचरौद जनपद में लिया जा रहा है। यहां की सभी 130 ग्राम पंचायतों के करीब 200 गांवों के ग्रामीण इसका लाभ ले रहे हैं। जिले के अन्य स्थानों से भी लोग अपने घरों के शौचालय की सफाई के लिए बुकिंग कर रहे हैं। एप पर स्कूल, आंगनवाड़ी, विभागों के शौचालयों के अलावा सार्वजनिक स्थानों के शौचालयों की बुकिंग भी बढ़ रही हैं। शौचालयों की ये सफाई प्रशिक्षण प्राप्त सफाई मित्रों द्वारा तय शुल्क लेकर की जा रही है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में wow का लाभ लेने में छिंदवाड़ा के बाद उज्जैन जिला दूसरे स्थान पर है। उज्जैन में तेजी से इस एप पर बुकिंग बढ़ रही है। वर्तमान में जिले में 25 स्वच्छता मित्र ये ​काम कर रहे हैं। इनमें से सबसे ज्यादा लगभग 10 खाचरौद में है। बड़नगर में एक, महिदपुर में 5, तराना में 4 और उज्जैन शहर तथा घट्टिया में तीन-तीन स्वच्छता मित्र है। ये सभी ट्रेनिंग प्राप्त हैं, जो कि सेफ्टी ​किट व प्रेशर मशीन सहित जरूरी संसाधन लेकर आते हैं। बुकिंग के आधार पर इनकी संख्या भी बढ़ाई जा रही है। इनके द्वारा घरों के शौचालय की सफाई के लिए 50 से 100 रुपए तक, सार्वजनिक स्थानों जैसे स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र व पेट्रोल पंप आदि के शौचालयों के लिए 200 से 250 रुपए तक शुल्क लिया जाता है। स्वच्छता की दिशा में यह अच्छी पहल : जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट के अनुसार जिले में wow एप पर तेजी से बुकिंग हो रही है। खाचरौद में सर्वाधिक बुकिंग हुई है। स्वच्छता की दिशा में ये एक अच्छी पहल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *