मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं को आस्था की डुबकी लगाने के लिए मंगलवार से नर्मदा का पानी शिप्रा में छोड़ दिया। इससे मोतीनगर स्टॉपडेम के निचले हिस्से नदी में पानी जमा होना शुरू हो गया। पहले से पानी की व्यवस्था हो जाने से इस बार श्रद्धालुओं को शिप्रा में स्नान करना आसान हो जाएगा। दरअसल, शिप्रा में हो रहे घाट निर्माण के कारण अभी नदी खाली है। जगह जगह मिट्टी की पाल बनाकर कई जगह पानी रोक दिया है। इसी बीच मकर संक्रांति पर होने वाले स्नान के लिए प्रशासन ने पानी जुटाने की प्रक्रिया शुरू की और नर्मदा पाइप लाइन को चालू करवा दिया गया। नर्मदा का पानी मोतीनगर स्टॉपडेम से निचले हिस्से में छोड़ते ही खाली नदी पानी से भरना शुरू हो गई। यह पानी अब बहते हुए आगे तक जाएगा। संक्रांति से पहले तक पूरी नदी को भर दिया जाएगा। यानी इस बार श्रद्धालुओं को संक्रांति पर शिप्रा में डुबकी लगाने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं होगी। निर्माण के चलते कंपनी ने नर्मदा लाइन को किया क्षतिग्रस्त नर्मदा का पानी लाने के लिए डाली गई पाइप लाइन त्रिवेणी के पास क्षतिग्रस्त हो गई। इंदौर रोड की पुलिया के नीचे क्षतिग्रस्त लाइन को लेकर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कंपनी ने इसे क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके बाद जब भी यह पाइप लाइन चालू होती है। यहां से पानी लीकेज होता है।


