2025 में नशे पर कार्रवाई बढ़ी, 37 तस्कर अधिक पकड़े, हत्या-अपहरण, चोरी-लूट व दुष्कर्म में कमी

भास्कर संवाददाता | हनुमानगढ़ जिले में वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में अपराधों का ग्राफ कम हुआ। आईपीसी और एक्ट के तहत दर्ज होने वाले मुकदमों की संख्या में कमी आई है। पिछले वर्ष के मुकाबले 499 मुकदमे कम दर्ज हुए लेकिन गिरफ्तारी का आंकड़ा बढ़ा है। 2025 में कुल 7699 लोग गिरफ्तार किए। पिछले वर्ष हत्या, हत्या का प्रयास, चोरी, लूट, दुष्कर्म और नकबजनी जैसे संगीन अपराधों में कमी आई। कुल मिलाकर गत वर्ष पुलिस का नशे पर फोकस प्रभावी रहा। इसमें जब्ती के साथ ही गिरफ्तारी का आंकड़ा भी बढ़ा है। वर्ष 2025 में एनडीपीएस की 384 कार्रवाई कर 647 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 2024 में 373 कार्रवाई में 610 लोगों को पकड़ा गया था। पहली बार 6 किलो 308 ग्राम एमडी नशे की जब्ती की गई। चिट्टा 8 किलो 861 ग्राम पकड़ा गया, जबकि वर्ष 2024 में 3 किलो 895 ग्राम ही पकड़ा गया था। अफीम की जब्ती कम होकर 54 किलो 65 ग्राम रही, जबकि 2024 में 93 ​किलो 234 ग्राम अफीम पकड़ी गई थी। भारत माला रोड अंतरराज्यीय शराब तस्करी का रूट बनने से पिछले वर्ष के मुकाबले रिकॉर्ड बरामदगी हुई। 76472 बोतल अंग्रेजी शराब, 5403 बोतल देशी शराब, 2468 बोतल हथकढ़ और 11379 बोतल बीयर जब्त की गई। 2024 में 6935 बोतल अंग्रेजी शराब, 145 देशी शराब, 3738 ह​थकढ़ और 3507 बोतल बीयर जब्त की गई थी। वर्ष 2023 में एनडीपीएस की 359 कार्रवाई की गई थी, जोकि वर्ष 2022 के मुकाबले 48 अधिक थे। हालांकि वर्ष 2022 में नशे के खिलाफ एनडीपीएस के 311 मुकदमे दर्ज कर 720 लोगों को गिरफ्तार कर 128 वाहन जब्त किए गए थे। आईपीसी के तहत वर्ष 2025 में 4682 मुकदमे दर्ज हुए जबकि 2024 में 5007 मुकदमे दर्ज हुए थे। विभिन्न एक्ट के तहत 2993 केस दर्ज हुए जबकि पिछले वर्ष 3167 केस दर्ज हुए थे। हत्या की 42 वारदातें हुईं जबकि पिछले वर्ष 51 हुई ​थी। हत्या प्रयास के 50 जबकि पिछले वर्ष 70 केस दर्ज हुए थे। लूट की 9 वारदातें हुईं, जोकि पिछले वर्ष 26 थीं। अपहरण के 215 केस दर्ज हुए, जो पिछले वर्ष 238 थे। दुष्कर्म के 115 दर्ज हुए, पिछले वर्ष 150 थे। इसी तरह नकबजनी की 187 वारदातें हुईं, जबकि पिछले वर्ष 203 थीं। चोरी के मुकदमों में रिकॉर्ड कमी दर्ज की गई। चोरी के 520 केस हुए, जबकि पिछले वर्ष 809 थे। अवैध शराब के 724 केस दर्ज किए, पिछले वर्ष 790 थे। जुआ अधिनियम के तहत 1199 कार्रवाई की गई, जो 1189 थीं। अवैध हथियार बरामदगी के 253 केस दर्ज किए, पिछले वर्ष 260 थे। अन्य एक्ट में 435 कार्रवाई की, पिछले वर्ष 557 थीं। आईपीसी के तहत वर्ष 2023 में 5404 मुकदमे दर्ज हुए थे। इस तरह से मुकदमों में कमी आई है। वर्ष 2022 में 5426 मुकदमे दर्ज हुए थे। वर्ष 2023 में हत्या की 42 वारदातें हुईं, जबकि 2022 में हत्या की 58 और वर्ष 2021 में 61 लोगों की हत्या हुई थी। नशे के खिलाफ कार्रवाई के कारण एनडीपीएस के मुकदमों की संख्या बढ़ी है। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो अपलोड करने वालों पर भी कार्रवाई कर लोगों को पकड़ा गया। इनसाइड- सर्दी में चोर गिरोह फिर सक्रिय हुआ, रोज 1-2 बाइक चोरी हो रहे गत दिसंबर माह में सर्दी बढ़ने के साथ ही चोर गिरोह सक्रिय हो गया। इसमें दोपहिया वाहन चोरी की वारदातें अधिक हो रही हैं। हालत यह है कि अस्पताल, पार्क धर्मशाला या सरकारी कार्यालय या अन्य सार्वजनिक स्थल हर कहीं से चोर बड़े आराम से वाहन चुराकर ले जा रहे हैं। इसमें बाइक चोरी की वारदातें अधिक हो रही हैं। चोर इस कदर बेखौफ हैं कि रोजाना एक-दो बाइक जिला मुख्यालय के आसपास क्षेत्र से चुराकर ले जा रहे हैं। पिछले 10 दिनों में ही 12 से अधिक बाइक टाउन-जंक्शन से चोरी हो चुके हैं। कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे की जद में आने के बावजूद यह चोर पकड़ में नहीं आ रहे हैं। एसपी- नशे के खिलाफ निरंतर जारी रहेगा अभियान, आमजन भी हों जागरूक एसपी हरी शंकर का कहना है है कि जिले को नशामुक्त करना सबसे बड़ी चुनौती है जिस पर पुलिस निरंतर कार्रवाई कर रही है। पिछले वर्ष में नशे के खिलाफ अधिक कार्रवाई की गई। आमजन को भी जिले को नशामुक्त करने में सहयोग करना होगा तभी यह मुहिम सफल हो सकती है। अगर आसपास कहीं नशा बिक रहा है, तो पुलिस को सूचित करें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *