पाली जिले में बुधवार को सर्दी का असर लगातार बना रहा। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच पाया। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता प्रभावित रही और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही 10 KM प्रति घंटे की स्पीड से चल रही ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास और बढ़ा दिया। सुबह-सुबह लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में चाय की थड़ियों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली, जहां लोग अलाव तापते हुए गर्म चाय की चुस्कियों के साथ सर्दी से राहत पाने का प्रयास करते दिखे। खासकर सुबह के समय स्कूल जाने वाले स्टूडेंट और घरों से जरूरी काम से निकले लोग सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। पाली जिले के गोडवाड़ क्षेत्र में भी सर्दी का प्रभाव तेज रहा। सादड़ी, घाणेराव, देसूरी और बाली सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय ठंड और कोहरे के कारण खेतों में काम करने वाले किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर लोग देर से घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।


